पत्थलगांव।
कलेक्टर रोहित व्यास के द्वारा अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में रुचि बढ़ाने और प्रोत्साहन के लिए अन्वेषण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत स्टारगेजिंग और एस्ट्रोनॉमी के सत्र आयोजित हो रहे है।
ज़िला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पीके भटनागर के मार्गदर्शन में जिले के आठ विकासखंड में कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है।
यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 दिसंबर को संकल्प शिक्षण संस्थान पत्थलगांव और 14 दिसंबर को कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांसाबेल में स्टारगेजिंग का सत्र आयोजित हुआ। विद्यार्थियों को इंडियन एस्ट्रोनॉमी से परिचय कराते हुए उल्का पिंडो, चंद्रमा, पृथ्वी सहित उपग्रहों और ग्रहो से संबंधित डॉक्युमेंट्री दिखाई गई। टेलिस्कोप के माध्यम से चंद्रमा की सतह, जुपिटर और शनि जैसे ग्रहों को दिखाया गया। ट्रिपी हिल्स प्राइवेट लिमिटेड के सौरभ कुमार सिंह और उनकी टीम कार्यक्रम के लिए विद्यालयों में पहुंच रही है। सोलर सिस्टम के निर्माण व ग्रहों की जानकारी भी साथ में दी जा रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि सैटर्न और जुपिटर जैसे ग्रहों को दूरबीन से देखना बहुत ही अद्भुत रहा। चंद्रमा की सतह को भी हमने टेलिस्कोप से देखा। डॉक्युमेंट्री देखकर हमने भारतीय एस्ट्रोनॉमी को अच्छे से समझा है।
यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा ,अवनीश पांडेय और सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यक्रम का समन्वय कर रहे हैं।