Sunday, September 27, 2026
No menu items!
HomeBlogजशपुर के बूथ-बूथ पहुंची ‘मन की बात’, मोदी के संदेश से गूंजा...

जशपुर के बूथ-बूथ पहुंची ‘मन की बात’, मोदी के संदेश से गूंजा जिला, गुजरात की प्रदेश सह प्रभारी एवं विधायक पत्थलगांव गोमती साय, रायमुनी भगत, कृष्ण कुमार राय और भरत सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना 138वां एपिसोड

जशपुर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड का रविवार को जशपुर जिले में बूथ स्तर तक सामूहिक श्रवण किया गया। गुजरात की प्रदेश सह प्रभारी एवं विधायक पत्थलगांव गोमती साय ने मुंडाडीह में, जशपुर में विधायक रायमुनी भगत एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय तथा कुनकुरी में भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नन्दे, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, सरगुजा जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला महामंत्री द्वय मुकेश शर्मा एवं मनीष अग्रवाल सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर ‘मन की बात’ सुनी।

आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प से लेकर जनगणना तक

प्रधानमंत्री मोदी ने 138वें एपिसोड में सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पर बात की। उन्होंने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर तक आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का उल्लेख किया। साथ ही 9/11 आतंकी हमले के 25 वर्ष पूरे होने पर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। मोबाइल के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा सहित जनगणना से जुड़ी तैयारियों की भी जानकारी साझा की।

नशामुक्त युवा, स्वच्छता और खेल प्रतिभाओं पर जोर

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता का संदेश दिया।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने देश के गांव-कस्बों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी जैसे विषयों को भी प्रमुखता से रखा।

‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ का देशभर में उल्लेख

जशपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए खास तौर पर उल्लेखनीय रहा कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का जिक्र किया। पोषण माह के संदर्भ में उन्होंने मुनगा यानी मोरिंगा के पोषण संबंधी महत्व और लोगों को इसे अपने खान-पान में शामिल करने के लिए प्रेरित करने वाली पहल का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण और भारत की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया।

चारों नेताओं ने कहा—‘मन की बात’ जनभागीदारी का सशक्त माध्यम

इस अवसर पर गुजरात की प्रदेश सह प्रभारी एवं विधायक पत्थलगांव गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के सामान्य नागरिकों के प्रयासों और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच देने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री के संदेश में सेवा, स्वच्छता, पोषण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों के जरिए समाज को नई दिशा देने का आह्वान है। छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री के संदेशों को बूथ से लेकर गांव-गांव तक जनभागीदारी के साथ पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस संबंध में जानकारी जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने दी।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes