Thursday, August 6, 2026
No menu items!
HomeBlog11 अगस्त को कुनकुरी में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव...

11 अगस्त को कुनकुरी में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा ने तैयारियों को लेकर बनाई व्यापक रणनीति, जिला पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, घर-घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर की जिला पदाधिकारियों की मासिक बैठक गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। विशेष रूप से 11 अगस्त को कुनकुरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को भव्य, ऐतिहासिक एवं जनभागीदारी वाला आयोजन बनाने को लेकर व्यापक मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने सभी मंडल प्रभारियों से पिछली बैठक में दिए गए दायित्वों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि संगठन के प्रत्येक अभियान को समयबद्ध, प्रभावी एवं कार्यकर्ता-आधारित स्वरूप में सफल बनाना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगामी सभी कार्यक्रमों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित और समाज सेवा के मूल मंत्र के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि घर-घर तिरंगा अभियान, तिरंगा यात्रा एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इन अभियानों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार बनने के बाद पूरे प्रदेश सहित जशपुर जिले में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जशपुर के लिए वर्षों से लंबित रेलवे लाइन परियोजना का गजट में प्रकाशन, मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति, आर्चरी विश्वविद्यालय सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं अन्य आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर सरकार और भारतीय जनता पार्टी के विरुद्ध फैलाए जा रहे झूठे एवं भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों के आधार पर प्रभावी जवाब देना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल एवं जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने आगामी शिरोमणि संत रविदास महाराज जयंती, घर-घर तिरंगा अभियान तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी मंडलों में इन अभियानों को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में 11 अगस्त को कुनकुरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए प्रत्येक मंडल से अधिकतम कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने, व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्णय लिया गया।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फ़ैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, आनंद शर्मा, शांति भगत, संतोष सिंह, आलोक सारथी, कपिल साय, राजकपूर भगत, श्रीनायक मिश्रा, नटवर मूंदड़ा, पुरुषोत्तम सिंह, सुनीति भोई, सावित्री निकुंज, शंकर गुप्ता, शरद चौरसिया, पिंकी गुप्ता, देवधन नायक, अनूप नारायण सिंह, श्यामलाल भगत, दिनेश प्रसाद, संजीव ओझा, हरिशंकर यादव, विजय शर्मा, संजय लोहिया, गणेश जैन, उमाशंकर भगत सहित जिला पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes