
जशपुर
शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय के प्राचार्य ज़ेडर राम मांझी के नेतृत्व में एक जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम के गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे। इस अवसर पर बच्चों की विद्यालय में अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु सभी से आह्वान किया गया।
प्राचार्य ने स्थानीय बोली में भावपूर्ण शब्दों में कहा —
“विद्यालय आने वाले सभी बच्चे भले ही आपके घर के न हों, लेकिन गाँव के हर बच्चे हमारे अपने बच्चे हैं। इसलिए हम सबका दायित्व है कि उनके पालकों को प्रेरित करें और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रोत्साहित करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और पूरे गाँव की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
साथ ही ग्राम कोटवार को निर्देशित किया गया कि वे गाँव में मुनादी कर लोगों को जागरूक करें तथा बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहयोग दें।
इस जन चौपाल के माध्यम से ग्राम में शिक्षा के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।

