Saturday, July 4, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में सेजेस जशपुर में आयोजित हुआ भौतिकी...

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में सेजेस जशपुर में आयोजित हुआ भौतिकी शिक्षकों का प्रायोगिक प्रशिक्षण, ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को कराए भौतिकी के कई प्रयोग ।

जशपुरनगर।

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय जशपुर में जिले के सभी शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालयों में कक्षा 11वीं एवं 12वीं में भौतिकी विषय का अध्यापन कराने वाले शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को प्रयोग आधारित शिक्षण पद्धति से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं रुचिकर शिक्षा उपलब्ध कराना रहा।

प्रशिक्षण में ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा ने विभिन्न उपकरणों एवं सरल सामग्रियों की सहायता से भौतिकी के कई महत्वपूर्ण प्रयोगों का प्रदर्शन कराया। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रत्येक प्रयोग के पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि यदि कक्षा में विषयों को केवल सैद्धांतिक रूप से पढ़ाने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से समझाया जाए, तो विद्यार्थियों की जिज्ञासा, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का बेहतर विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित किया कि वे विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए नियमित रूप से प्रायोगिक शिक्षण को बढ़ावा दें, ताकि विद्यार्थी विषय को केवल याद न करें, बल्कि उसे व्यवहारिक रूप से समझ भी सकें।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यदि स्वयं प्रयोग करते हैं तो उनकी समझ और विषय में रुचि दोनों बढ़ती हैं। किताबी ज्ञान को केवल रटने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से सीखना अधिक प्रभावी होता है। इसी उद्देश्य से सभी विकासखंडों से आए भौतिकी शिक्षकों के साथ-साथ प्रत्येक हायर सेकेंडरी विद्यालय से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों ने भी प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान भौतिकी के पाठ्यक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर 48 प्रायोगिक कार्यों का अभ्यास कराया गया। इसमें यांत्रिकी, गति एवं ऊर्जा, बल एवं घर्षण, मापन की विभिन्न विधियां, ऊष्मा एवं विद्युत के सिद्धांत, घनत्व एवं ध्वनि, वायुदाब तथा गैसों के गुण, प्रकाश एवं प्रकाशिकी, परावर्तन एवं अपवर्तन, बर्नोली सिद्धांत, पृष्ठ तनाव तथा द्रवों के गुण जैसे विषयों से संबंधित प्रयोग शामिल रहे। प्रत्येक प्रयोग को सभी विकासखंड के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने चरणबद्ध तरीके से किया गया। विद्यार्थियों ने भी स्वयं प्रयोग कर उनके परिणामों का अवलोकन किया तथा वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप में समझा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी दुर्गेश्वरी सिंह, जिला आबकारी अधिकारी महिमा पट्टावी, यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता, सदस्य अवनीश पांडेय जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, भौतिकी विषय के शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes