Sunday, September 20, 2026
No menu items!
HomeBlogमंच से उठी समाज की आवाज, सी एम ने तत्काल की घोषणा:...

मंच से उठी समाज की आवाज, सी एम ने तत्काल की घोषणा: अग्रसेन जयंती पर अब छत्तीसगढ़ में शासकीय अवकाश, अग्र महाकुंभ-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर गूंज उठा पंडाल; अग्रवाल समाज ने जताया आभार

पत्थलगांव-:

अग्रवाल समाज की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई। शनिवार को अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ-2026 एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रसेन जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में शासकीय अवकाश घोषित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के साथ ही कार्यक्रम स्थल तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री साय अग्रवाल समाज को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने महाराजा अग्रसेन और समाज से जुड़े विषयों पर अपनी बात शुरू की, तो सभा में मौजूद अग्रबंधुओं ने अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग जोरदार तरीके से उठाई। समाजजनों की भावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से ही तत्काल अवकाश की घोषणा कर दी। घोषणा होते ही पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अग्रसेन जयंती पर अवकाश की मांग अग्रवाल समाज द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही थी। समाज का कहना था कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज के आराध्य पुरुष ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना के प्रतीक हैं। ऐसे महान व्यक्तित्व की जयंती पर शासकीय अवकाश की मांग समाज की भावनाओं से जुड़ी हुई थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इस बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा समाप्त हो गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं सेवा क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने परिश्रम, उद्यमिता और परोपकार की भावना के साथ प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समाज ने कहा—यह सिर्फ छुट्टी नहीं, महाराजा अग्रसेन के सम्मान का निर्णय

सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा पूरे अग्रवाल समाज के लिए हर्ष और गर्व का विषय है। वर्षों से चली आ रही मांग को स्वीकार कर मुख्यमंत्री ने समाज की भावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति समाज की ओर से आभार व्यक्त किया।

पत्थलगांव अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि यह घोषणा समाज के लिए ऐतिहासिक और भावनात्मक अवसर है। अग्रसेन जयंती पर अवकाश मिलने से समाज के लोग इस पर्व को और व्यापक स्तर पर मना सकेंगे तथा महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और उनके संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

वहीं भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि “अग्रसेन जयंती पर छुट्टी की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी करने के लिए मुखिया विष्णु देव का बहुत-बहुत धन्यवाद एवं हार्दिक आभार। यह संपूर्ण अग्रवाल समाज के लिए हर्ष, सम्मान और गर्व की बात है। महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को सम्मान देने वाला यह निर्णय समाज की भावनाओं से सीधे जुड़ा हुआ है।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अग्र महाकुंभ जैसे बड़े सामाजिक मंच से समाज की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार किया जाना अग्रवाल समाज के लिए गौरव का क्षण है। यह घोषणा समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को भी नई ऊर्जा देगी।

देशभर से जुटा अग्रवाल समाज, दो दिन चलेगा महाकुंभ

अंबिकापुर में 19 एवं 20 सितंबर को आयोजित अग्र महाकुंभ-2026 में प्रदेशभर से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा और महिला प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इसी बड़े सामाजिक आयोजन के मंच से हुई अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा ने समारोह को समाज के लिए और भी यादगार बना दिया।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes