Tuesday, May 5, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़साय का आज बस्तर दौरा; केरल में UDF पर भरोसे की जीत:...

साय का आज बस्तर दौरा; केरल में UDF पर भरोसे की जीत: भूपेश; सेप्टिक टैंक खाली कराने के लिए अब ऑनलाइन आवेदन; बस्तर थीम पर आज कार्टून प्रदर्शनी

रायपुर. सीएम विष्णुदेव साय आज बस्तर जाएंगे. दोपहर 2 बजे रायपुर से जगदलपुर रवाना होंगे. दोपहर लगभग 3.30 बजे शहीद महेंद्र कर्मा विवि जाएंगे, जहां सीएम साय इनोवेशन महाकुंभ 1.0 प्रोग्राम में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 7 बजे बस्तर से रायपुर एयरपोर्ट आएंगे.

रायपुर. पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों पर कांग्रेस ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी. केरलम में जीत को यूडीएफ पर विश्वास की जीत करार दिया. वहीं अन्य राज्यों के परिणाम को लेकर कहा कि वे उम्मीदों के विपरीत हैं. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केरलम को फिर तरक्की के रास्ते पर ले जाने के लिए और यूडीएफ पर जनता के भरोसे की जीत है. कुछ राज्यों में परिणाम हमारी आशा के अनुरूप नहीं आए हैं. निराश होना स्वाभाविक है लेकिन हम आत्ममंथन करते हुए फिर जनता के बीच जाएंगे. हमारी लड़ाई एक पूरे तंत्र से है, जिसे हम जनतंत्र से हराएंगे. इधर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि केरलम की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया. केरलम की जनता ने जो विश्वास हम पर जताया है, हम उस पर खरा उतरेंगे.

सेप्टिक टैंक खाली करवाने अब ऑनलाइन आवेदन

रायपुर. नगर निगम रायपुर ने सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए ऑनलाइन सुविधा की शुरुआत कर दी है. इसके लिए रायपुर नगर निगम ने “अर्बन प्लेटफार्म फॉर डिलीवरी ऑफ ऑनलाइन गवर्नेस’ आधारित फीकल स्लज सेप्टेज मैनेजमेंट मॉड्यूल के लिए विकसित डैशबोर्ड प्रोटोटाइप का औपचारिक शुरुआत सोमवार को किया गया. नगर निगम रायपुर का दावा है कि रायपुर देश का पहला निगम है, जिसने स्लज क्लीनिंग मैनेजमेंट के लिए इस सुविधा को लागू किया गया.

बस्तर थीम पर कार्टून प्रदर्शनी आज

रायपुर. कार्टूनिस्ट दिवस (5 मई) के अवसर पर कार्टून वॉच पत्रिका की ओर से मंगलवार को लाइव कैरिकेचर मेकिंग और कार्टून प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम सिविल लाइंस स्थित नए सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में शाम 5:55 बजे से शुरू होगा. आयोजन संयोजक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि इस मौके पर अखिल भारतीय कार्टून प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए हैं. इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “युद्ध के समय विदेशी यात्रा छोड़ें – बस्तर आइए, जहां शांति और हरियाली है” रखा गया था. इस थीम के जरिए कलाकारों ने बस्तर पर्यटन, शांति और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार संयुक्त रूप से हैदराबाद के मृत्युंजय और बेंगलुरु के रघुपति श्रींगेरी को मिला. द्वितीय पुरस्कार बिबेक सेनगुप्ता और अनूप राधाकृष्णन को दिया गया. तृतीय पुरस्कार मोहन कुमार और शैलेश को मिला. इसके अलावा 20 विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे. चयनित कार्टूनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. कार्यक्रम के दौरान नागपुर के कलाकार संजय मोरे और उमेश चारोले लाइव कार्टूनिंग डेमोंस्ट्रेशन देंगे.

जशपुर जिले के खूंटीटोली में लगेगी शिविर

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में “सुशासन तिहार 2026” के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत 05 मई 2026 को जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खूंटीटोली से होगी, जहां 13 गांवों के ग्रामीण शामिल होकर अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करेंगे.

21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू

रायगढ़. संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार जिले में युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से इस वर्ष भी 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर 5 से 26 मई तक संचालित होगा. 

सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के अंतर्गत क्रिकेट, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, तीरंदाजी, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, बॉक्सिंग एवं किक बॉक्सिंग का प्रशिक्षण रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर में दिया जाएगा. वहीं योगासन का आयोजन स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स हण्डी चौक में, कुडो प्रशिक्षण कबीर चौक स्थित कुडो ट्रेनिंग में, फुटबॉल का प्रशिक्षण शासकीय नटवर स्कूल में, कबड्डी का प्रशिक्षण अडानी पावर बड़े भंडार तथा खो-खो का प्रशिक्षण लैलूंगा में आयोजित किया जाएगा.

यह प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तथा शाम 5 से 7 बजे तक चलेगा. इसमें सब जूनियर एवं जूनियर वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे. शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को खेल कौशल, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. शिविर में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को पंजीयन फार्म के साथ एक पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र की छायाप्रति संबंधित प्रशिक्षक के पास जमा करनी होगी. खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने खेल के आवश्यक किट के साथ निर्धारित प्रशिक्षण स्थल पर समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं.

अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण आज से

बलौदाबाजार. भारतीय अग्निवीर भर्ती में लिखित परीक्षा के लिए जिला रोजगार कार्यालय बलौदाबाजार द्वारा लिखित परीक्षा के लिए 5 मई से 5 जून 2026 तक पं. चक्रपाणी हायर सेकेण्डरी स्कूल बलौदाबाजार में निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के वे अभ्यार्थियों जिन्होनें अग्निवीर थल सेना भर्ती में आवेदन किया है, वे इच्छुक अभ्यार्थी समय पर निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर निःशुल्क प्रशिक्षण में भाग ले सकते है. अधिक जानकारी के लिए रोजगार कार्यालय के दूरभाष नम्बर 07727-299443 पर सम्पर्क कर सकते है.

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes