जशपुर नगर।
कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में नवोदय विद्यालय ढोढीडांड में आयोजित ई- शिक्षा पर आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षण प्रशिक्षण आज संपन्न हुआ। 29 जुलाई से 4 अगस्त तक यह प्रशिक्षण विद्यालय में चला। नवगुरूकुल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में नवोदय विद्यालय के 165 विद्यार्थी सम्मिलित हुए।
संयुक्त कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी और नरेंद्र कुमार सिन्हा के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक और नवाचार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि जिले के 15 विद्यालयों में यह प्रशिक्षण आयोजित हो रहा है। अभी तक तेरह विद्यालयों में यह प्रशिक्षण आयोजित हो चुका है । विद्यालयों में बैच में प्रत्येक विद्यार्थी को लगातार तीन दिनों तक ढाई -ढाई घंटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम का समन्वय यशस्वी जशपुर के अवनीश पाण्डेय ने किया।
प्रशिक्षण आयोजन में नवगुरुकुल फाउंडेशन की ओर से श्रीमती दीपालोचनी कार्तिक और श्रीमती नीलम चौहान, बीईओ सुदर्शन पैंकरा, एबीईओ श्रीमती मारिया तिर्की, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार झा का विशेष योगदान रहा।
प्रशिक्षक रेणुका चक्रधारी और संजना मरकाम ने 6 दिनों में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणा और कार्यप्रणाली के साथ बताया कि एआई क्या है और किस प्रकार कार्य करता है। कार्यशाला में एआई टूल्स के सैद्धांतिक और प्रयोगिक सत्र शामिल रहे । प्रशिक्षकों ने बताया कि एआई भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को यह भी सिखाया गया कि एआई टूल्स के लिए प्रॉम्प्ट कैसे देने है, उदाहरणों के साथ इसे समझाया। प्रशिक्षण की शुरुआत एक मज़ेदार गतिविधि से हुई, इसके बाद प्रशिक्षकों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का विस्तृत परिचय दिया गया, जिसमें इसके बेसिक्स, महत्व और दैनिक जीवन में इसके रियल-लाइफ एप्लीकेशंस पर चर्चा की गई। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इतिहास और इसकी विकास यात्रा को बताया गया। सत्र में आधुनिक एआई टूल्स का लाइव प्रदर्शन रहा, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को गूगल लेंस, गूगल ट्रांसलेट, चैट जीपीटी और जैमिनी जैसे टूल्स का लाइव प्रदर्शन कर उनके व्यवहारिक उपयोग सिखाए गए।प्रशिक्षण के समापन पर विद्यार्थियों के सीखने का मूल्यांकन करने के लिए क्विज़ आयोजित की गई तथा उन्हें अपने विचार साझा करने को कहां गया।

