जशपुर।
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने हेतु जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा विनोबा ऐप के माध्यम से नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा के दिशा-निर्देश एवं यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं नवाचार के लिए जुलाई माह के पोस्ट ऑफ मंथ और ‘बोलेगा बचपन कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित शिक्षिकाओं को जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा प्रमाण पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में प्राथमिक शिक्षा नींव का कार्य करती है, इसलिए इस आधार को मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षकों को नई रणनीतियों को अपनाने के साथ-साथ सैद्धांतिक ज्ञान और व्यवहारिक सीखने के तरीकों पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षकों की वास्तविक सफलता है। जब शिक्षक स्वयं जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, तो उन्हें कार्य के प्रति संतुष्टि और उपलब्धि का अनुभव होता है। यही आत्मसंतुष्टि एक शिक्षक की सफलता और उसके समर्पण की सच्ची पहचान है।
कलेक्टर कंसल्टेंट श्री अजय कुमार भी उपस्थित रहे जो शिक्षकों को बेहतर कार्य और नवाचारी के लिए प्रेरित किए । विनोबा के एसोसिएट प्रोग्राम मैनेजर श्री सोमनाथ साहू ने जानकारी दी कि यह ऐप जिले के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों को साझा करने, आपसी सीख को बढ़ावा देने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के दस्तावेजीकरण हेतु विकसित किया गया है। उल्लेखनीय है कि विनोबा भावे टीम जिले में एफएलएन, जवाहर नवोदय, जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ-साथ दैनिक उपस्थिति डाटा संग्रहण का कार्य भी यशस्वी जशपुर के समन्वय से कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय विजेता शिक्षकों में प्राथमिक शाला दीपाटोली से श्रीमती आरती ओहदार, प्राथमिक शाला नोनियाताला से श्रीमती वीणा भगत, प्राथमिक शाला रजौटी से श्री मति अंबेश्वरी कुलदीप, प्राथमिक शाला सूजीबहार से श्रीमती शारदा पैंकरा, प्राथमिक शाला रायकोना से श्रीमति नमिता खेस्स, प्राथमिक शाला नदीडिपा से श्रीमति रीना रानी गोस्वामी, सेजेस पतराटोली से प्रीति एक्का, प्राथमिक शाला थूथीअम्बा से श्रीमति संध्या कुजूर, प्राथमिक शाला छिंदबहरी से श्रीमति संतोषी डनसेना, प्राथमिक शाला बड़ेगमहरिया से सुश्री सुनैना तिर्की, सेजेस बगीचा से सुश्री शिल्पा पांडे शामिल रहे। यशस्वी जशपुर के सहयोगी संजीव शर्मा, सदस्य अवनीश पांडे, प्रोजेक्ट ऑफिसर आनंद कुमार टोप्पो, प्रोजेक्ट ऑफिसर बिप्लब देवशर्मा के द्वारा सभी विजेता शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।

