Sunday, August 16, 2026
No menu items!
HomeBlogजशपुर की मिट्टी में आज भी जीवंत है अटल की स्मृति, पुण्यतिथि...

जशपुर की मिट्टी में आज भी जीवंत है अटल की स्मृति, पुण्यतिथि पर अटल परिसर में राष्ट्रनायक को भावपूर्ण श्रद्धांजलि, भाजपा नेताओं ने याद किया अटल जी का राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान

जशपुरनगर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं भारतीय राजनीति के युगपुरुष स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले महान राष्ट्रनायक थे। उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता, स्वदेशी तकनीक, सामरिक शक्ति और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कीं। उन्होंने कहा कि अटल जी ने हमेशा शांति और संवाद का रास्ता अपनाया, लेकिन जब पाकिस्तान ने कारगिल में घुसपैठ कर देश की संप्रभुता को चुनौती दी तो भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के साथ उसे मुंहतोड़ जवाब दिया गया।

श्रीमती भगत ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ, जिससे छत्तीसगढ़वासियों की दशकों पुरानी आकांक्षा पूरी हुई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए अटल जी का योगदान प्रदेश की जनता सदैव कृतज्ञता के साथ याद करती रहेगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीतिक शुचिता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांतों का सम्मान उनके राजनीतिक विरोधी भी करते थे। अटल जी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन माना। उनकी वाणी में ओज, विचारों में गहराई और व्यक्तित्व में अद्भुत विनम्रता थी।

श्री राय ने कहा कि जशपुर से भी अटल जी का आत्मीय और ऐतिहासिक संबंध रहा है। स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के नेतृत्व में जब जशपुर नगर पालिका की सभी सीटों पर भाजपा ने विजय प्राप्त की थी, तब अटल बिहारी वाजपेयी स्वयं जशपुर आए थे। उन्होंने खुली जीप में नगरवासियों का अभिवादन स्वीकार किया और इसके बाद बलराम मंच से विशाल जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि जशपुर की मिट्टी में अटल जी की स्मृतियां आज भी जीवंत हैं और उनकी प्रेरणा भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा देती रहेगी।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत जशपुर अध्यक्ष गंगाराम भगत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव, रजनी प्रधान, संतोष सिंह, देवधन नायक, राजू गुप्ता, फैजान सरवर खान, शरद चौरसिया, मुकेश सोनी, सुधीर पाठक, राजा सोनी, सज्जू खान, दीपक गुप्ता, विजय सहाय, दीपू मिश्रा, रूपेश सोनी, शारदा प्रधान, आशु राय, आकाश गुप्ता, नीतू गुप्ता, अनिता पैकरा, अभिषेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अटल जी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए राष्ट्रहित, सुशासन, लोकतंत्र एवं सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes