राजेश अग्रवाल..✍🏻
पत्थलगांव- स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर पत्थलगांव में चारों ओर राष्ट्रभक्ति का उल्लास देखने को मिला। इसी क्रम में अग्रवाल सभा द्वारा अग्रसेन भवन में गरिमामय वातावरण के बीच भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष परशुराम अग्रवाल ने सम्मान और राष्ट्रीय गौरव के साथ तिरंगा फहराया। जैसे ही राष्ट्रीय ध्वज लहराया, पूरा परिसर भारत माता की जय और राष्ट्रगान की गूंज से उठा।
उपस्थित समाजजनों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की।
ध्वजारोहण के बाद आयोजित समारोह में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव नहीं, बल्कि उन अमर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का पावन अवसर बताया, जिनके संघर्ष से भारत को आजादी मिली।।
संभागीय अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं -:
संभागीय अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने सभी समाजजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गौरवशाली अवसर हमें अपने कर्तव्यों का बोध कराते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की प्रेरणा देता है।
स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का कराता है बोध -:
अग्रवाल सभा के सचिव अनिल मित्तल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।।
तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक-
अग्रवाल सभा के संरक्षक मदन लाल अग्रवाल ने सभी समाजजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान, त्याग और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की यह 80वीं वर्षगांठ नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, सेवा और संस्कारों की भावना को और प्रगाढ़ करने का अवसर है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि सभी मिलकर राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में निरंतर योगदान देते रहें।।
नेहरू टोपी पहनकर ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुए -:
समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला, जब अग्रवाल सभा के पदाधिकारी और समाजजन पारंपरिक नेहरू टोपी पहनकर ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुए। तिरंगे के साथ नेहरू टोपी पहने समाजजनों की यह छवि पूरे आयोजन की विशेष पहचान बन गई। पारंपरिक वेशभूषा और अनुशासित उपस्थिति ने समारोह में देशभक्ति, गरिमा और एकजुटता का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। इस दौरान रामनिवास जिंदल (कोषाध्यक्ष), रामलाल अग्रवाल, जग्गी अग्रवाल, मुरारीलाल अग्रवाल, रामावतार अग्रवाल, प्रयागराज अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, पप्पल गोयल (अध्यक्ष, अग्रवाल सम्मेलन), अनिल जिंदल, सुंदरलाल गर्ग, कृष्ण गर्ग, सुंदर अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, सुनील गर्ग, बजरंग अग्रवाल, भीमराज गोयल, सुनील अग्रवाल (एल्डरमैन), राजेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, चंदा गर्ग, ललित बंसल, पूजा अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

