


किसी भी शैक्षणिक संस्था में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों का संपूर्ण,सर्वांगीण और समुचित विकास शिक्षकों और पालकों के बीच नियमित और जीवंत संपर्क से ही सुनिश्चित होता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए संकल्प कुनकुरी में समय समय पर शिक्षक पालक सम्मेलन आयोजित किया जाता है। इसी तारतम्य में वर्तमान सत्र के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों पर चर्चा करने हेतु तथा उसके संबंध में पालकों और शिक्षकों के अभिमत को शैक्षणिक प्रक्रिया में सम्मिलित कर एक बेहतर रणनीति के निर्माण हेतु संकल्प कुनकुरी में शिक्षक पालक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के कक्षा नवमीं,दसवीं,ग्यारहवीं और बारहवीं में प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों के नामों को घोषणा की गई। साथ ही अपनी अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को बेस्ट परफॉर्मर का बैच प्राचार्य वाई आर कैवर्त द्वारा प्रदान किया गया। कक्षा 9 वीं में आराध्या लकड़ा, कक्षा 10 वीं में लिसा राणा , कक्षा 11 वीं में प्रखर पैंकरा तथा कक्षा 12 वीं में दीपिका बाई को ये सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाने वाले बैच प्रदान किये गये ताकि अन्य बच्चों को भी इससे प्रेरणा मिल सके। कोचिंग शिक्षकों द्वारा जेईई और नीट के मॉक टेस्ट के परिणामों की भी जानकारी दी गई। प्राचार्य वाई आर कैवर्त ने पिछले सत्र में बोर्ड परीक्षा परिणामों की जानकारी देते हुए जेईई तथा नीट में सफल हुए संस्थान के बच्चों के संबंध में जानकारी दी तथा नवीन सत्र में और बेहतर परिणामों के लिए नए अध्यापन व्यवस्था की जानकारी दी गई।उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि बच्चों की प्रगति का समय समय पर आंकलन करते रहें तथा अपने अभिमत भी शिक्षकों तक अवश्य पहुंचाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने पालकों के साथ सम्मिलित हुए तथा अपने परीक्षा परिणामों की समीक्षा कक्षा शिक्षकों के साथ की।

