

देशभक्ति के रंग में रंगा नगर
कोतबा। देश की आजादी के 80वें पावन पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोतबा के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरस्वती शिशु मंदिर कोतबा में विद्यालय अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल तथा कन्या हाई स्कूल कोतबा में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पीतांबर पैंकरा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है, इसलिए हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
विद्यालय के पूर्व अभिभावक एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार शर्मा, कोतबा ने उपस्थित प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
श्री शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आप ही भारत का भविष्य हैं। खूब पढ़िए, अनुशासन अपनाइए, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान कीजिए और देश व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझिए।” उन्होंने स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कन्या हाई स्कूल में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष पीतांबर पैंकरा ने भी सभा को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य उत्तम प्रसाद यादव, विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण, नगर के जनप्रतिनिधि, भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद सुदर्शन पटेल, पूर्व सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार शर्मा, पुर्नौदयाल साय, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य श्याम सुंदर द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में महिला अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पुलिस चौकी कोतबा प्रभारी बृजेश यादव अपने स्टाफ जवानों के साथ कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयघोष के साथ हुआ।

