Tuesday, June 23, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़शासकीय प्राथमिक विद्यालय दासडुमरटोली में विद्यालय प्रवेश उत्सव: नन्हे-मुन्नों का हुआ भव्य...

शासकीय प्राथमिक विद्यालय दासडुमरटोली में विद्यालय प्रवेश उत्सव: नन्हे-मुन्नों का हुआ भव्य स्वागत

जशपुर
शिक्षा के प्रति दूरदर्शी सोच और बच्चों के सुनहरे भविष्य की मंशा को साकार करते हुए जशपुर जिले में विद्यालयों में नए सत्र का आरंभ बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देशन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी जशपुर श्रीमती कल्पना टोप्पो के विशेष मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला दासडुमरटोली में विद्यालय प्रवेश उत्सव बड़े धूमधाम और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर ने न केवल बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह जगाया बल्कि अभिभावकों को भी सरकारी विद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षा की ओर आकर्षित किया।
विद्यालय परिसर इस अवसर पर उत्सव स्थल में तब्दील हो चुका था। नन्हे-मुन्ने बच्चों का स्वागत परंपरागत रीति से किया गया। छोटे-छोटे बच्चों के माथे पर तिलक-चंदन लगाया गया, आरती उतारी गई और पुष्प वर्षा से उनका अभिनंदन किया गया। उनका पहला विद्यालय आगमन पूरे ग्राम समुदाय के लिए उत्सव जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। बच्चों के मासूम चेहरे पर मुस्कान और उनकी आंखों में सपनों की चमक हर किसी का मन मोह रही थी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 12 के पंच विक्रम भगत और विशिष्ट अतिथि वार्ड क्रमांक 13 की पंच श्रीमती बबीता भगत रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी टुमनू गोसाई ने की विशिष्ट अतिथि संकुल शैक्षिक समन्वयक नेल्सन जॉन लकड़ा, शिक्षक – प्रवीण मिंज इनके अतिरिक्त शाला की प्रधानपाठिका श्रीमती फिरदौस खानम, सहायक शिक्षक श्री मुकेश कुमार, विद्यालय के अन्य शिक्षकगण,, नॉन टीचिंग स्टाफ, ग्राम के गणमान्य नागरिक, पालकगण एवं विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाए पुष्पगुच्छ देकर सभी अतिथियों एवं उपस्थित पालकों का आत्मीय स्वागत किया। प्रधानपाठिका श्रीमती फिरदौस खानम द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षिक वातावरण और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विक्रम भगत और सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी टुमनू गोसाई ने बच्चों को आशीर्वाद स्वरूप तिलक चंदन लगाया, पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए। श्री गोसाई ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “आज की पीढ़ी को 21वीं सदी की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा। पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता विकसित करना आवश्यक है। हमारे शासकीय विद्यालय किसी भी प्राइवेट स्कूल से कम नहीं हैं। यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।”
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे सरकारी स्कूलों पर भरोसा करें और अपने बच्चों का नामांकन शासकीय विद्यालयों में कराएं ताकि सभी को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती बबीता भगत ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यालय में शिक्षा की ऐसी व्यवस्था की गई है जिससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास हो सके। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने-लिखने, सोचने-समझने और विचार अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के लिए शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मिलकर प्रयास करे ।
प्रधानपाठिका श्रीमती फिरदौस खानम ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, स्वच्छता का ध्यान रखने, बड़ों का आदर करने और विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के सहायक शिक्षक श्री मुकेश कुमार ने कहा कि आज की प्रतिस्पर्धा भरी दुनिया में अंग्रेजी भाषा, हिंदी और गणित जैसे विषयों में दक्षता जरूरी है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं विद्यालय में अतिरिक्त इंग्लिश स्पोकन क्लास संचालित करेंगे ताकि बच्चों को अंग्रेजी बोलने में आत्मविश्वास मिले और वे भविष्य में किसी भी चुनौती का सामना कर सकें। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी ।
कार्यक्रम का संचालन भी मुकेश कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानपाठिका श्रीमती फिरदौस खानम ने सभी अतिथियों, पालकों और ग्रामवासियों का हृदय से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नॉन टीचिंग स्टाफ और ग्रामवासी बच्चों को उत्तम शिक्षा देने और विद्यालय को नए शिखर पर ले जाने के लिए एकजुट हैं।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes