
कोतबा ।
नगर पंचायत कोतबा के पार्षद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष श्री सुदर्शन पटेल ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर कोतबा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कोतबा क्षेत्र में सीएचसी केंद्र के अंतर्गत दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सकीय स्टाफ की नियुक्ति की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। साथ ही अचानक दुर्घटना ग्रस्त या समय पर इलाज के अभाव जैसी घटित घटनाओं से मृतक शव को घर आदि पहुंचाने संबंधी व्यवस्था हेतु एक शव वाहन (एंबुलेंस) की मांग मंत्री जी से समक्ष भेंट कर मांग पत्र भी दी गई।
श्री पटेल ने बताया कि क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार जरूरी हो गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय सचिव को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रकरण अग्रेषित कर दिया है।
नगर के पार्षद गण, सुरेश अग्रवाल, श्रीमती शकीला कंवर महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, रामकुमार साहू, पुर्नौदयाल पैंकरा,स्थानीय नागरिकों जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही कोतबा क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

