दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। चोरों ने बिती रात स्क्रैप व्यापारी के सूने मकान में धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवरात समेत 1.40 लाख नगद पर हाथ साफ कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल शुरु कर दी है। यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल अपने परिवार के साथ भिलाई के नेहरू नगर पश्चिम में रहते हैं। सोमवार को वे अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। तभी चोर मेन गेट का ताला तोड़कर व्यापारी के घर में दाखिल हुए और अलमारी से हीरे, सोने-चांदी के गहने के साथ ही 1 लाख 40 हजार रुपए नगद पार कर लिए।
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा
व्यापारी जब रात 2 बजे अपने परिवार के साथ वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा देख उनके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद टीम ने सीसीटीवी खंगालते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरु कर दी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
नकबजनी और चोरी का मामला दर्ज
इस मामले में सत्य प्रकाश तिवारी पुलिस प्रवक्ता दुर्ग का कहना है कि उन्हें स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर पश्चिम में स्थित उनके घर से किसी ने हीरे, सोने-चांदी के गहने के साथ ही 1 लाख 40 हजार रुपए नगद चोरी कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ नकबजनी के साथ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।

