Wednesday, July 15, 2026
No menu items!
HomeBlogनक्सलवाद के खात्मे से नए भारत का हुआ उदय, शांति, सुरक्षा और...

नक्सलवाद के खात्मे से नए भारत का हुआ उदय, शांति, सुरक्षा और विकास के नए युग का शुभारंभ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रभावी प्रयासों को बताया ऐतिहासिक; जशपुर के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर जताया आभार

जशपुर। देश में नक्सलवाद के प्रभावी खात्मे को भारत के इतिहास की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह तथा पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

संयुक्त विज्ञप्ति में कहा गया कि दशकों तक नक्सलवाद ने देश के अनेक हिस्सों में भय, हिंसा और विकास को बाधित किया। मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, स्पष्ट नीति, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और केंद्र व राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप आज भारत इस चुनौती पर निर्णायक विजय की ओर अग्रसर है। यह केवल सुरक्षा की नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और विकास की भी ऐतिहासिक जीत है।

पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, स्पष्ट नीति और राष्ट्र प्रथम की भावना से कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। नक्सलवाद का प्रभावी अंत उन करोड़ों देशवासियों के विश्वास की जीत है, जो वर्षों से शांति और विकास की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक कार्यशैली तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चलाए गए प्रभावी अभियानों ने इस ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प लिया था, वह आज साकार होता दिखाई दे रहा है। नक्सलवाद के खात्मे से आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे तथा विकास की गति और तेज होगी।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास की नई रोशनी पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली। कठोर निर्णय, आधुनिक रणनीति और सुरक्षा बलों के मनोबल को सशक्त बनाने का ही परिणाम है कि देश नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती पर निर्णायक बढ़त हासिल कर सका है। यह विकसित भारत के संकल्प को नई मजबूती देगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि यह सफलता उन वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को समर्पित है जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व महसूस करता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करता है।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे ने कहा कि नक्सलवाद का अंत केवल कानून-व्यवस्था की सफलता नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक शक्ति, सुशासन और जनविश्वास की विजय है। अब वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की नई धारा बहेगी और आने वाली पीढ़ियों को भय नहीं, बल्कि अवसरों से भरा भविष्य मिलेगा।

संयुक्त विज्ञप्ति में सभी नेताओं ने भारतीय सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ पुलिस तथा सभी सुरक्षा एजेंसियों के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान के कारण ही यह ऐतिहासिक सफलता संभव हो सकी। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब शांति, सुरक्षा और समृद्धि के नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा विकसित भारत का संकल्प और अधिक गति से साकार होगा।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes