Sunday, August 23, 2026
No menu items!
HomeBlogसंत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही समरसता अभियान...

संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही समरसता अभियान का उद्देश्य- राजा पाण्डे, जशपुर में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए कलश वितरित; कलश रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, समरसता, सामाजिक एकता और सद्भावना का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा अभियान

जशपुर। संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता अभियान के तहत रविवार को भाजपा जिला कार्यालय जशपुर में जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कलश भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त राजा पाण्डेय, वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन योगेश बापट, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री व वरिष्ठ नेता कृष्ण कुमार राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

बैठक का संचालन भाजपा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।

संत रविदास जी के विचारों में न्याय और करुणा का भाव सर्वोपरि : राजा पाण्डेय

मुख्य वक्ता राजा पाण्डेय ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी केवल एक महान संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, समानता और मानवता के महान प्रवक्ता थे। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना के विरुद्ध आवाज उठाते हुए प्रत्येक मनुष्य के सम्मान और समानता का संदेश दिया।

राजा पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा संत रविदास जी की जयंती पर दिए गए संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने संत रविदास जी के विचारों में न्याय और करुणा के भाव को सर्वोपरि बताया है तथा सामाजिक समरसता और सद्भावना के उनके संदेश को आज भी देश के लिए प्रेरणादायी बताया है।

उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी द्वारा संत रविदास जी के संबंध में व्यक्त विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास जी महान संत होने के साथ-साथ समाज सुधारक और सामाजिक चेतना के अग्रदूत थे। उनके विचारों ने समाज को आत्मसम्मान, समानता और एकता की दिशा दिखाई।

राजा पाण्डेय ने कहा कि भाजपा का समरसता अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प है। कलश रथ गांव-गांव पहुंचेगा और संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अभियान को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच जाकर आत्मीयता, सम्मान, भाईचारे और समरसता का वातावरण तैयार करें।

समरसता भारत की सामाजिक शक्ति है : योगेश बापट

वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन योगेश बापट ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता है। संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि समरसता का अर्थ केवल साथ खड़े होना नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बनना और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देना है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनत्व और सम्मान का भाव पहुंचाना ही वास्तविक समरसता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कलश भ्रमण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाएं, बल्कि इसे समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संपर्क, संवाद और आत्मीयता बढ़ाने के अभियान के रूप में आगे बढ़ाएं।

संत रविदास जी का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाना हमारा दायित्व : भरत सिंह

भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि जशपुर जिले में समरसता अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए कलश वितरित किए गए हैं और कलश रथ को रवाना किया गया है।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध खड़े होकर समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि उनके विचार केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के व्यवहार और जीवन का हिस्सा बनें।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने मंडलों में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए हर गांव और हर समाज तक संत रविदास जी के विचारों का संदेश पहुंचाएं।

सामाजिक एकता और भाईचारा ही संत रविदास जी को सच्ची श्रद्धांजलि : कृष्ण कुमार राय

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं वरिष्ठ नेता कृष्ण कुमार राय ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता और मानवता का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का संदेश किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता मजबूत होगी तो राष्ट्र भी मजबूत होगा। हमें संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में भेदभाव की जगह भाईचारा, दूरी की जगह आत्मीयता और विभाजन की जगह समरसता को मजबूत करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कलश भ्रमण को जनसंपर्क और सामाजिक संवाद का माध्यम बनाते हुए समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ें और संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगा कलश रथ

बैठक के समापन के बाद जशपुर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए कलश का वितरण किया गया। वरिष्ठ नेताओं ने कलश रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आगामी दिनों में कलश रथ जिले के विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों में भ्रमण करेगा तथा संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता, सद्भावना और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा।

भाजपा पदाधिकारी एवं संत समाज रहे उपस्थित

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे, बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा, सरगुजा जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद अध्यक्ष सुशीला साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, उपेन्द्र यादव, बाबा मंगल दास, शांति भगत, रीना बरला, संतोष सहाय, संतोष सिंह, सुनीति भोई, आलोक सारथी, राजकपूर भगत, श्रीनायक मिश्रा, शरद चौरसिया, देवधन नायक, रजनी प्रधान, शारदा प्रधान, आरती सिंह, रुपेश सोनी, मुकेश सोनी, राजकुमार गुप्ता, नेहरू सिंह, प्रतीक सिंह, गोपाल कश्यप, कपिलेश्वर सिंह, सज्जू खान, सतीश गोस्वामी, नागेन्द्र भगत, विनोद निकुंज, आशु राय, बॉबी ताम्रकर, आदर्श ताम्रकर, हरीश आरिक, हरिशंकर यादव, देवलाल भगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं संत समाज उपस्थित रहे।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes