कुनकुरी:- यूनिसेफ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘सुरक्षित पारा-सुरक्षित लइकामन 3.0’ ग्राम संपर्क अभियान अंतर्गत शासकीय बाला साहेब देशपांडे महाविद्यालय कुनकुरी के स्वयंसेवकों की टीम एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामानुज प्रताप सिंह धुर्वे के नेतृत्व में तृतीय दिवस ग्राम पंचायत धुमाडांड़ के प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में ग्राम सम्पर्क अभियान आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय गीत के साथ की गई तत्पश्चात विद्यालय के बच्चों ने स्वयंसेवकों का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंटकर किया। इस अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, नशामुक्ति, गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता लाना है। स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार, शारीरिक स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य,बाल श्रम के दुष्प्रभाव, शिक्षा के महत्व तथा नशा से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी। प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं बाल सुरक्षा आदि विषयों पर यदि बचपन से ही बच्चों को नुक्कड़ नाटक, रैली एवं गीतों के माध्यम से जागरूक किया जाए तो निश्चित ही नव निहालों का भविष्य अच्छा होगा, आगे उन्होंने स्वयंसेवकों के उत्साह, सेवा-भाव और जागरूकता गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें सफल अभियान के लिए बधाई देते हुए सभी स्वयंसेवकों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, शिक्षक, रसोइया शामिल रहे।

