जशपुर
जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ओपन लिंक्स फाउंडेशन के सहयोग से जशपुर जिले में विद्यार्थियों के भाषा कौशल, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास के विकास के उद्देश्य से ‘नन्हे सितारे’ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा के दिशा-निर्देश एवं यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता के समन्वय में संचालित किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं ओपन लिंक्स फाउंडेशन की इस अभिनव पहल के माध्यम से जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलेगा। प्रतियोगिता के अंतर्गत कहानी वाचन, कविता वाचन, स्पोकन इंग्लिश तथा स्पेलिंग बी जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की भाषाई दक्षता, रचनात्मक सोच, मंच पर प्रभावी अभिव्यक्ति तथा आत्मविश्वास को प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का प्रत्येक विद्यार्थी केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहकर अपनी भाषा, अभिव्यक्ति क्षमता और व्यक्तित्व का भी समग्र विकास कर सके। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता की रूपरेखा विद्यार्थियों की आयु एवं कक्षा के अनुसार तैयार की गई है।
प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 3 के विद्यार्थियों के लिए कहानी वाचन, कविता वाचन एवं स्पोकन इंग्लिश प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि कक्षा 4 से 8 के विद्यार्थियों के लिए इन गतिविधियों के साथ स्पेलिंग बी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। कहानी एवं कविता के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित किया जाएगा, वहीं स्पोकन इंग्लिश एवं स्पेलिंग बी के जरिए अंग्रेजी भाषा के प्रति आत्मविश्वास और दक्षता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
विनोबा टीम के एसोसिएट प्रोग्राम मैनेजर सोमनाथ साहू ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिले के सभी विकासखंडों में शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु शिक्षक अपने विद्यालय के विद्यार्थियों का विनोबा एप के माध्यम से पंजीयन करेंगे तथा प्रत्येक विधा के निर्धारित नियमों के अनुसार विद्यार्थियों के वीडियो बनाकर संबंधित क्लब में पोस्ट करेंगे। प्रतियोगिता की गतिविधियां 10 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक संचालित होंगी, जबकि 20 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक मूल्यांकन एवं जांच प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो सके।
उल्लेखनीय है कि ‘नन्हे सितारे’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की भाषा, रचनात्मक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का उत्सव है। ओपन लिंक्स फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु प्रोजेक्ट ऑफिसर बिपलब देवशर्मा और आनंद कुमार टोप्पो प्रयासरत है ।

