Saturday, April 11, 2026
No menu items!
HomeBlogजशपुर नगर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में एडमिशन का सुनहरा...

जशपुर नगर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में एडमिशन का सुनहरा अवसर

जशपुर नगर

 जशपुर नगर। जिले के  स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट (अंग्रेजी माध्यम) नवीन आदर्श उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर नगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं की रिक्त सीटों पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के कारण इस विद्यालय में हर साल बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। प्रतिवर्ष बोर्ड की मेरिट सूची में इस विद्यालय के छात्र जिले का नाम रौशन करते आ रहें हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया  प्रारंभ हो चुकी है, जो 05 मई 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यालय स्तर पर ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, कार्यालयीन दिवस में सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक विद्यालय के कार्यालय में यह सुविधा उपलब्ध है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि यदि कक्षा 1 ली से लेकर कक्षा 8 वी तक में सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे उस स्तिथि में विद्यार्थियों का चयन लॉटरी की प्रक्रिया के माध्यम से 8 मई को किया जाएगा। कक्षा 9 वी से लेकर 12 वी तक की कक्षा में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश लिया जायेगा, यह प्रवेश परिक्षा पिछले कक्षा के पाठ्यक्रम पर आधारित लघु उत्तरीय प्रश्नों पर आधारित होगी, जिसके मेरिट के अंकों के आधार पर प्रवेश हेतु चयन सूची जारी की जाएगी, यह प्रवेश परीक्षा 11 मई 2026 को विद्यालय में आयोजित की जाएगी। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को 11 मई से 15 मई 2026 तक प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। अंग्रेजी माध्यम में रिक्त सीट कक्षा 1 ली – 40, दूसरी – 02, चौथी – 07, पांचवी – 03, सातवीं – 05, आठवी – 06, दसवीं – 04, ग्यारहवी ( गणित ) – 13 व जीव विज्ञान – 08 ग्यारहवी वाणिज्य – 06, बारहवी ( गणित )- 02 व जीव विज्ञान -01, वाणिज्य – 02 तथा हिंदी माध्यम की रिक्त सीट कक्षा नवमी – 26, दसवीं – 07, ग्यारहवी ( जीव विज्ञान ) – 13, (कला) – 31, बारहवी ( जीव विज्ञान ) – 03, (कला ) – 03 निर्धारित है

     प्रवेश नियमों के तहत एक विद्यार्थी केवल एक ही विद्यालय के लिए आवेदन कर सकेगा। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (BPL) के विद्यार्थियों के लिए कुल सीटों का 25 प्रतिशत आरक्षित रखा गया है। इसके लिए अभिभावकों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही महतारी दुलार योजना के तहत कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को भी प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है।

विद्यालय में सह-शिक्षा व्यवस्था लागू है, जिसके तहत 50 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए निर्धारित की गई हैं। यदि छात्राओं की पर्याप्त संख्या नहीं मिलती है, तो शेष सीटों को छात्रों से भरा जाएगा। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की आयु 31 मई 2026 की स्थिति में 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह के बीच निर्धारित की गई है।
विद्यालय में पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश के लिए पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह व्यवस्था अभिभावकों के लिए राहत भरी है।
उल्लेखनीय है कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थापना राज्य शासन द्वारा गुणवत्तापूर्ण और अंग्रेजी व हिंदी माध्यम शिक्षा को आम विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। जशपुर नगर स्थित यह विद्यालय भी आधुनिक संसाधनों, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और प्रशिक्षित शिक्षकों के कारण प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, ताकि प्रवेश में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes