‘
जशपुर
जिले के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और इसरो की उपलब्धियों से अवगत कराने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर एवं इसरो के सहयोग से ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम का आयोजन कराया जा रहा है। शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पीके भटनागर के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंड के विद्यालयों में यह कार्यक्रम होना हैं।
इस कार्यक्रम के तहत स्पेस साइंस और टेक्नोलॉजी से संबंधित विभिन्न मॉडल और अवधारणाओं से सुसज्जित एक विशेष वाहन जिले के विभिन्न विद्यालयों में भ्रमण कर रहा है। गुरुवार को हायर सेकेंडरी सिंगीबहार, केरसई, सेजेस तपकरा और लवाकेरा के विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान की गतिविधियों को समझा। विद्यार्थियों के साथ शिक्षक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को दी जा रही वैज्ञानिक जानकारी
स्पेस ऑन व्हील्स में चंद्रयान, मंगलयान, पीएसएलवी, जीएसएलवी, रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट, कम्युनिकेशन सैटेलाइट, नेवीगेशन सैटेलाइट और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि इन तकनीकों का उपयोग देश की अंतरिक्ष खोज और संचार व्यवस्था में किस तरह किया जाता है।
बस के अंदर स्थित विभिन्न सैटेलाइट और रॉकेट्स के मॉडल्स के माध्यम से इसरो की ऐतिहासिक उपलब्धियों और तकनीकी सफलताओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
19 फरवरी तक चलेगा कार्यक्रम
संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह स्पेस ऑन व्हील्स बस 19 फरवरी तक जिले के आठों विकासखंडों के 40 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों का भ्रमण करेगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति प्रेरित करना और इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाना है।
विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे बच्चों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और इसरो की उपलब्धियों को करीब से जानने का मौका मिल रहा है।