जशपुरनगर।
जिला प्रशासन जशपुर की पहल पर संकल्प शिक्षण संस्थान में 15 मार्च से पंद्रह दिवसीय निःशुल्क जेईई क्रैश कोर्स आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। इस क्रैश कोर्स के दौरान जिले के स्थानीय विद्यार्थियों को संस्थान में निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। ज्ञात हो कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जेईई मेन-2 की परीक्षा 02 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जानी है।
संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि इस विशेष क्रैश कोर्स के लिए जिले में संचालित शासकीय, अशासकीय तथा अनुदान प्राप्त हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने जेईई मेन-2 (2026) के लिए आवेदन किया है। कुल 100 विद्यार्थियों को इस प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्रैश कोर्स में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना है। इसके लिए आवेदन लिंक जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है, जिसके माध्यम से इच्छुक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 मार्च, शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
चयनित विद्यार्थियों को 15 मार्च को सुबह 10 बजे संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में अपने एक अभिभावक के साथ उपस्थित होना होगा। साथ ही जेईई मेन -2 आवेदन के कन्फर्मेशन पेज की एक फोटोकॉपी भी साथ लानी होगी।
गौरतलब है कि संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में कई वर्षों से जेईई मेन और एडवांस की तैयारी कराई जा रही है। यहां से हर वर्ष अनेक विद्यार्थी परीक्षा में सफल होकर देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर रहे हैं। अब तक संकल्प के 85 से अधिक विद्यार्थी देश के विभिन्न नामी शिक्षण संस्थानों में चयनित हो चुके हैं।

