
कुनकुरी
प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली जो ग्रामीण अंचल में स्थित है, यहां पर अध्ययनरत अधिकांशतः बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं और इन बच्चों की आवश्यकताओं से विद्यालय के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता भली-भांति परिचित हैं, उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें, इसलिए उन्होंने समाजसेवियों को विद्यालय से जोड़ा है, समाजसेवियों के द्वारा बच्चों को प्रतिवर्ष मौसम अनुरूप छतरी, स्वेटर, जूता-मोजा का वितरण किया जाता है साथ ही बच्चों को शनिवार के दिन होने वाले आर्ट क्राफ्ट एवं अन्य गतिविधियों में भी सहयोग प्रदान किया जाता है। इसी तारतम्य में प्रधान पाठक ने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए समाजसेवी कठौतिया परिवार से संपर्क कर बच्चों की आवश्यकता से अवगत कराया, उन्होंने प्रधान पाठक को बताया कि हम बच्चों के हित में अवश्य कार्य करेंगे। मंगलवार को जब कुनकुरी के समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित व्यापारी कठौतिया परिवार का आगमन विद्यालय में हुआ तो बच्चों की खुशियां आसमान छूने लगी, बच्चों ने उनका स्वागत अंग्रेजी भाषा में वेलकम सोंग गाते हुए पारंपरिक तरीके से आरती, तिलक एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर किया। कठौतिया परिवार के द्वारा 26 बच्चों को छतरी के साथ बिस्कुट एवं चाकलेट का वितरण किया गया। नीरज पारिक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी पढ़ लिख कर विभिन्न विभागों में शासकीय सेवक के रूप में ऊंचे पद प्राप्त कर देश एवं समाज की सेवा करें आगे उन्होंने कहा कि बारिश से बचने हेतु आप सभी प्रतिदिन छतरी लेकर विद्यालय आएं। छतरी पाकर बच्चों ने कहा कि अब हम बारिश से नहीं भीगेंगे और प्रतिदिन विद्यालय आएंगे। प्रधान पाठक ने समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने हेतु आग्रह किया। उक्त अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक , रसोइया और विद्यालय के बच्चे उपस्थित थे।

