
जशपुरनगर।
कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, जशपुर में जिले के सभी शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालयों में कक्षा 11वीं एवं 12वीं में रसायन विज्ञान का अध्यापन कराने वाले शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को प्रयोग आधारित शिक्षण पद्धति से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना था।
ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा ने जिले में शिक्षा गुणवत्ता सुधार को प्राथमिकता क्रम में ऊपर रखा है।उनके मार्गदर्शन और उपस्थिति में प्रशिक्षण स्थल पर प्रायोगिक कार्य कराए गए। सभी हायर सेकंडरी से आए विद्यार्थियों ने भी प्रैक्टिकल किया।
प्रशिक्षण में दैनिक जीवन की सरल सामग्रियों की सहायता से रसायन विज्ञान के कई महत्वपूर्ण प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया। कई प्रयोगों के वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाते हुए विद्यार्थियों से प्रयोग कराए गए। विद्यार्थियों में इससे जिज्ञासा, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकास होगा।
प्रशिक्षण के दौरान रसायन विज्ञान के पाठ्यक्रम से जुड़े 48 प्रायोगिक कार्यों का अभ्यास कराया गया। इनमें पदार्थों के भौतिक एवं रासायनिक गुण, विलयन एवं विसरण, अम्ल, क्षार एवं लवण, रासायनिक अभिक्रियाएं, ऊष्माक्षेपी एवं ऊष्माशोषी परिवर्तन, कार्बनिक एवं अकार्बनिक रसायन, गैसों के गुण, विद्युत-रसायन, पृथक्करण की विधियां, सूचक, ऑक्सीकरण-अपचयन तथा मिश्रण एवं यौगिकों से संबंधित अनेक प्रयोग शामिल रहे। सभी विकासखंडों से आए शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इन प्रयोगों को चरणबद्ध ढंग से किया। विद्यार्थियों ने स्वयं प्रयोग कर उनके परिणामों का अवलोकन किया तथा वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षण में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिला रोजगार अधिकारी सुश्री दुर्गेश्वरी सिंह ने कहा कि हम सभी विज्ञान से ही घिरे हुए हैं। हमारे आसपास जो घटनाएं हो रही है, सभी में विज्ञान है, दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान से संबंधित प्रयोग को समझते हुए विद्यार्थी सीखे, विद्यालय में ऐसा हमें प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला आबकारी अधिकारी महिमा पट्टावी, यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता, सदस्य अवनीश पांडेय, बीईओ पत्थलगांव वेदानंद आर्य, सभी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, रसायन विज्ञान विषय के शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

