Wednesday, September 23, 2026
No menu items!
HomeBlogगोमती साय को गुजरात की बड़ी जिम्मेदारी, जशपुर भाजपा में उत्साह, पत्थलगांव...

गोमती साय को गुजरात की बड़ी जिम्मेदारी, जशपुर भाजपा में उत्साह, पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष बनीं गुजरात प्रदेश की सह-प्रभारी

जशपुर। पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय को भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के साथ ही जशपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जशपुर की बेटी को गुजरात जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश की सांगठनिक जिम्मेदारी मिलना जिले के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली गोमती साय लंबे समय से पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच अपनी सक्रिय पहचान बना चुकी हैं। अब गुजरात में संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी मिलने से उनके सांगठनिक अनुभव, सक्रियता और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव का उपयोग व्यापक स्तर पर होगा।

वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई

पूर्व राज्यसभा सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण कुमार राय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नन्दे, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा एवं सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री द्वय मुकेश शर्मा एवं मनीष अग्रवाल सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रीमती गोमती साय को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि गोमती साय को गुजरात जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश की जिम्मेदारी मिलना उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता पर पार्टी के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपनी कर्मठता, सहज व्यवहार और कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद की क्षमता के साथ इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएंगी।

पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि गोमती साय को मिली नई जिम्मेदारी से छत्तीसगढ़ और विशेषकर जशपुर का मान बढ़ा है। संगठन ने उनकी कार्यक्षमता और समर्पण पर भरोसा जताते हुए महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, जो जशपुर के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है।

जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि गोमती साय की नई जिम्मेदारी जशपुर भाजपा के लिए गर्व का विषय है। गुजरात में संगठन को मजबूत करने में उनके अनुभव, सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ उनके सहज जुड़ाव का निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।

जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि श्रीमती गोमती साय को गुजरात प्रदेश का सह-प्रभारी बनाए जाने से जशपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और गर्व का वातावरण है। उन्होंने कहा कि जशपुर की बेटी को राष्ट्रीय संगठन द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिया जाना पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है और यह यहां के कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि गोमती साय ने संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी सक्रियता, समर्पण और कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद के माध्यम से संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सिद्ध की है। गुजरात जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश की जिम्मेदारी उनके संगठनात्मक अनुभव और क्षमता पर राष्ट्रीय नेतृत्व के विश्वास को दर्शाती है।

भरत सिंह ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के प्रति जशपुर भाजपा परिवार की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जशपुर की बेटी पर विश्वास जताकर न केवल श्रीमती गोमती साय का सम्मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे जशपुर भाजपा परिवार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि गोमती साय गुजरात में संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes