Friday, September 18, 2026
No menu items!
HomeBlogआशीर्वाद के दीप’ से रोशन हुआ जशपुर, 5 लाख से ज्यादा दीपों...

आशीर्वाद के दीप’ से रोशन हुआ जशपुर, 5 लाख से ज्यादा दीपों ने दिया सेवा-संकल्प का संदेश,मोदी के जन्मदिवस पर शहर से गांव तक दीप प्रज्ज्वलन; सेवा संकल्प अभियान का हुआ आगाज

जशपुर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम जशपुर जिले ने दीपों की रोशनी में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश दिया। जिलेभर में 5 लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्ज्वलित किए गए। शहर से लेकर गांवों तक प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और बूथों पर एक साथ दीप जलाए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं शतायु जीवन की कामना की गई।

जिला भाजपा कार्यालय, रणजीता स्टेडियम, महाराजा चौक, बालासाहब देशपांडे चौक, हनुमान टेकरी, विसर्जन तालाब, अटल परिसर, जय स्तंभ से लेकर बगिया स्थित मुख्यमंत्री निवास तक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित हुए। बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और आम नागरिक इन आयोजनों में शामिल हुए।

दीपों की रोशनी में गूंजा सेवा का संकल्प

‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम के जरिए सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा गया। मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए। शहर से गांव तक जलते दीपों ने अभियान के सेवा, सुशासन, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के संदेश को सामने रखा।

भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीप’ केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। जशपुर का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा की भावना को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।

पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीप’ जनभागीदारी और आत्मीयता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जशपुर की जनता ने दीप प्रज्ज्वलित कर उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं शतायु जीवन की मंगलकामना की है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का भाव पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि जिले के गांवों और शहरों में जिस उत्साह के साथ लोगों ने दीप जलाए, वह जनभागीदारी की भावना को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जशपुरवासियों का यह आशीर्वाद उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की मंगलकामना का प्रतीक है।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और समर्पण की यात्रा रहा है। ‘आशीर्वाद के दीप’ के माध्यम से जशपुर की जनता ने आत्मीयता और शुभकामनाओं का प्रकाश फैलाया है। सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाकर जनभागीदारी को और व्यापक किया जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि गांवों से शहर तक जिस तरह लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित किए, उससे सेवा और जनभागीदारी के संकल्प को मजबूती मिली है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों में भी नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण होगी।

वरिष्ठ नेताओं से लेकर आमजन तक हुए शामिल

जिला मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत, पूर्व विधायक भरत साय, पूर्व विधायक रोहित साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे, बलरामपुर जिला संगठन प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा, सरगुजा जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री द्वय मुकेश शर्मा एवं मनीष अग्रवाल, नपा अध्यक्ष अरविंद भगत सहित जिले के पदाधिकारी, सभी मंडलों के अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं आमजन शामिल हुए।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes