कुनकुरी:- प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता एवं सहायक शिक्षक महेश तिर्की ने स्कूल चले हम अभियान के तहत सोशल मीडिया एवं घर – घर जाकर प्रचार प्रसार किया, साथ ही नव प्रवेशी बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें यथाशीघ्र प्रवेश दिलाने हेतु पालकों से आग्रह किया
।
आज से तीन वर्ष पूर्व विद्यालय की दर्ज संख्या नगण्य थी, परंतु विगत दो वर्षों में विद्यालय की दर्ज संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, कुछ बच्चे निजी विद्यालय छोड़कर इस विद्यालय में प्रवेश भी लिए हैं, इसका कारण है शिक्षकों का विद्यालय के प्रति समर्पण।
वर्तमान में डीपाटोली प्राथमिक विद्यालय में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, स्मार्ट क्लास , योग, खेल गतिविधियों के साथ – साथ पोषण वाटिका से प्राप्त ताजी सब्जियां एवं फल बच्चों को मध्याह्न भोजन में मिलता है।
विद्यालय का परिसर स्वच्छ एवं हरित होने के कारण बच्चों को आकर्षित करता है। विद्यालय में बच्चों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिया जाता है जैसे कि निशुल्क गणवेश, पाठ्य-पुस्तक, मुस्कान पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, इंडोर एवं आउटडोर गेम हेतु संसाधन इसके साथ ही सामुदायिक सहभागिता से योग हेतु योग ड्रेस भी प्रदाय किया जाता है। प्रति माह शिक्षकों एवं समुदाय के द्वारा न्यौता भोज का आयोजन किया जाता है।
विद्यालय के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य है सभी बच्चों के बहुमुखी विकास हेतू गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदाय करना तथा उनमें इक्कीसवीं सदी के जीवन कौशलों का विकास करना है, आगे उन्होंने बताया कि विद्यालय का थीम है पढ़ब, नवा भारत गढ़ब। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु संज्ञानात्मक गतिविधियों के साथ ही सही सह संज्ञानात्मक गतिविधियों पर भी पूरा फोकस किया जाता है।

