

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर की मासिक जिला पदाधिकारी बैठक जिला कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ है, इसलिए प्रत्येक जिला पदाधिकारी अगले माह की बैठक से पूर्व अपने-अपने निर्धारित मंडलों में नियमित प्रवास करें तथा बूथ समितियों का गठन शत-प्रतिशत पूर्ण कर उन्हें सक्रिय बनाने का कार्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हों। प्रधानमंत्री के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम “मन की बात” का प्रसारण प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं एवं आमजनों की सहभागिता के साथ सुनना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी बूथों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा बलिदान दिवस के अवसर पर भी प्रत्येक बूथ पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित कर महान बलिदानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की आवश्यकता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ केंद्रित कार्ययोजना के साथ जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए।
विधायक गोमती साय ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बूथ कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
वहीं जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने सभी पदाधिकारियों से समन्वय एवं सक्रियता के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि जिले एवं सभी मंडलों में प्रत्येक माह नियमित बैठकें आयोजित होना संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर जितना मजबूत संगठन होगा, उतनी ही मजबूती के साथ पार्टी आगामी चुनावों में सफलता प्राप्त करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नियमित प्रवास, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहने का आग्रह किया।
उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, आनंद शर्मा, कपिल साय, रीना बरला, सन्तोष सहाय, संतोष सिंह, राजकपूर भगत, आलोक सारथी, रूपेश सोनी, श्रीनायक मिश्रा, शरद चौरसिया सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।

