बगीचा
बगीचा विकास खंड में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में स्वच्छता पखवाड़ा एवं शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों को लेकर सेजेस स्कूल बगीचा के सभागार में शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड के सभी प्राचार्य, सीएसी उपस्थित रहे ।
बैठक की शुरुआत एक भावुक और सम्मानजनक क्षण के साथ हुई। हायर सेकेंडरी विद्यालय महादेवडांड की सेवानिवृत्त प्राचार्या आशा मलीना खलखो को शिक्षा क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने उनके समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
स्वच्छता पखवाड़ा को जन-अभियान बनाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल ने कहा कि जिला कलेक्टर की मंशा के अनुरूप सभी विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। नए शिक्षा सत्र के आरंभ होने से पहले स्कूल परिसरों, कक्षाओं, शौचालयों, खेल मैदानों तथा पेयजल स्रोतों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और आकर्षक विद्यालय वातावरण बच्चों में सीखने की सकारात्मक भावना विकसित करता है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करता है।
पहली बारिश को लेकर सुरक्षा के विशेष निर्देश
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बीईओ ने सभी विद्यालयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहली बारिश के दौरान आसमानी बिजली, सांप-बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं। विद्यालय परिसरों में कहीं भी खुले या उलझे हुए विद्युत तार न रहें तथा विद्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।
शाला प्रवेश उत्सव को भव्य बनाने की तैयारी
बैठक में आगामी शाला प्रवेश उत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य और यादगार बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक और आत्मीय स्वागत किया जाए। प्रवेश उत्सव के दिन विद्यालय परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाया जाए तथा विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों और गणवेश का वितरण किया जाए।
साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कर कार्यक्रम को शिक्षा और समाज के उत्सव के रूप में मनाने की बात कही गई।
बैठक में एबीओ दिलीप टोप्पो, बीआरसीसी कृष्ण कुमार राठौर, एकाउंटेंट शैलेश कुमार अम्बस्ट, एमआईएस ममता शर्मा, तिलक श्रीवास सहित शिक्षा विभाग के सभी शाखा प्रभारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

