Thursday, May 7, 2026
No menu items!
HomeBlogशासकीय प्राथमिक विद्यालय दास डुमरटोली में प्रवेश प्रारंभ

शासकीय प्राथमिक विद्यालय दास डुमरटोली में प्रवेश प्रारंभ

जशपुर
शासकीय प्राथमिक विद्यालय दास डुमरटोली में प्रवेश प्रारंभ, उत्कृष्ट शिक्षा और आधुनिक गतिविधियों से बच्चों का भविष्य हो रहा उज्ज्वल
जशपुर जिले के सन्ना रोड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय दास डुमरटोली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर पंजीयन कराने की अपील की गई है। विद्यालय में इस वर्ष कुल 171 सीटें विभिन्न कक्षाओं में रिक्त हैं।
विद्यालय के शिक्षक मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 1 के लिए 40 सीट, कक्षा 2 के लिए 30 सीट, कक्षा 3 के लिए 30 सीट, कक्षा 4 के लिए 30 सीट तथा कक्षा 5वीं के लिए 36 सीट रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण हिंदी माध्यम शिक्षा प्रदान की जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय लगातार प्रगति कर रहा है और जशपुर क्षेत्र के उत्कृष्ट विद्यालयों में अपनी पहचान बना रहा है।
विद्यालय में शासन द्वारा संचालित सभी सुविधाएं विद्यार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें फ्री यूनिफॉर्म, मध्यान भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, कक्षा 3 से ऊपर अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति, मिलेट बार बिस्कुट तथा विभिन्न खेल सामग्रियां शामिल हैं।
विद्यालय केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश स्पोकन क्लास, योग शिक्षा, वैदिक गणित तथा नवोदय विद्यालय, सैनिक विद्यालय, एकलव्य विद्यालय और जवाहर उत्कर्ष जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी भी कराई जाती है।
विद्यालय में प्रत्येक शनिवार को “बैगलेस डे” आयोजित किया जाता है, जिसमें विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां संचालित होती हैं। इन गतिविधियों में हस्तशिल्प, पताशिल्प, आर्ट एवं क्राफ्ट, पेपर बैग निर्माण, वेस्ट टू बेस्ट, मिट्टी के खिलौने बनाना तथा अन्य सृजनात्मक कार्य शामिल हैं। इससे बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यवहारिक कौशल का विकास हो रहा है।
विद्यालय की प्रधान पाठिका फिरदौस खानम ने बताया कि विद्यालय में प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षक पदस्थ हैं, जो बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है।
प्रधान पाठिका ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण देना चाहते हैं, तो शासकीय प्राथमिक विद्यालय दास डुमरटोली में प्रवेश दिलाकर उनके भविष्य को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह पूर्णतः शासकीय विद्यालय है और यहां किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रवेश हेतु पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा अभिभावक में दिए गए संपर्क नंबर 6263793075 पर जानकारी प्राप्त कर पंजीयन करा सकते हैं। विद्यालय जशपुर से सन्ना रोड पर स्थित है और क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनता जा रहा है।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes