Tuesday, April 28, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का खुलासा: कैफे और दुकान को बना रखा...

ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का खुलासा: कैफे और दुकान को बना रखा था दांव का ठिकाना, पुलिस ने 6 सटोरियों को पकड़ा

रायगढ़। शहर में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के 7 मोबाइल फोन, 15,490 रुपये नगद और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

कोतवाली क्षेत्र में दो सटोरिये गिरफ्तार

पहली कार्रवाई में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने नयागंज कोष्टापारा क्षेत्र में दबिश देकर सोनू देवांगन (उम्र 21 साल) को गिरफ्तार किया। वह मोबाइल के जरिए चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। उसके मोबाइल से गूगल पे ट्रांजेक्शन और मैच संबंधित स्क्रीनशॉट भी मिले हैं।

इसी दौरान गद्दी चौक स्थित ए-वन कैफे में छापेमारी कर हर्षित देवांगन (उम्र 24 साल) को ऑनलाइन सट्टा चलाते पकड़ा गया। आरोपी मोबाइल के माध्यम से हार-जीत पर दांव लगवा रहा था और डिजिटल पेमेंट के जरिए लेनदेन कर रहा था।

घरघोड़ा में दो अलग-अलग कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गोयल ट्रेडिंग दुकान से भरत गोयल (उम्र 22 साल) को गिरफ्तार किया गया, जो आईपीएल मैचों पर छक्का, चौका और विकेट पर सट्टा संचालित कर रहा था।

दूसरी रेड में जय स्तंभ चौक के पास गौतम भोजवानी, लक्ष्मीनारायण सिदार और सागर गुप्ता को ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने पर तीनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। वहीं आरोपियों से पुलिस की पूछताछ में जश्मित सिंह बग्गा और करण चौधरी का भी नाम सामने आया है. पुलिस इसकी जांच कर रही है. तथ्यों के आधार पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने बरामद किया सामान

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 7 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ढाई लाख रुपये) और 15,490 रुपये नगद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध जुए के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा कि आईपीएल की आड़ में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes