Saturday, September 13, 2025
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे भाग; NHM हड़ताली कर्मियों की होगी...

साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे भाग; NHM हड़ताली कर्मियों की होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस; ‘इंजीनियर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार हेतु प्रविष्टियाँ 11 सितंबर तक आमंत्रित; राजधानी में धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों की धूम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रायगढ़ दौरे से लौटने से पहले वे पहाड़ मंदिर में भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद लगभग सुबह 9:30 बजे राजधानी रायपुर लौटेंगे। रायपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का 10:00 बजे जागृति मंडल, पंडरी में कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद वे 11:50 बजे मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान कर दोपहर 12:00 बजे अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, मेडिकल कॉलेज परिसर रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे AROCON-2025 (रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट एसोसिएशन का वार्षिक राज्य सम्मेलन) में 12:00 से 1:00 बजे तक शामिल होंगे। इसके बाद 1:30 बजे वे अटल बिहारी वाजपेयी सभागार से रवाना होकर एम्स रायपुर जाएंगे, जहां वे सर्जिकल रोबोटिक प्रणाली ‘देव हस्त’ का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे एम्स से मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे।

प्रदेश में चल रही एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मियों की हड़ताल को लेकर आज नया अपडेट आने वाला है। रायपुर प्रेस क्लब में दोपहर 1 बजे एनएचएम के अधिकारी और पदाधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे सरकार द्वारा मौखिक रूप से स्वीकार की गई पांच मांगों का खंडन करेंगे। बता दें कि 4 सितंबर को करीब 16 हजार एनएचएम कर्मियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया था।

अभियंता दिवस 15 को, पुरस्कार के लिए प्रविष्टि 11 तक

रायपुर। महान अभियंता भारत रत्न डॉ. मोक्षगुण्डम विश्वेश्वरैया की जयंती 15 सितंबर पर हर साल की तरह अभियंता दिवस मनाया जाएगा। संयुक्त अभियंता आयोजन समिति द्वारा हर साल राज्य स्तर पर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इंजीनियर ऑफ द ईयर सम्मान प्रदान किया जाता है। इसके लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। आयोजन समिति के प्रभारी पी.के. खरे ने बताया कि प्रविष्टि 11 सितंबर तक बी-47/48 लवकुश विहार चौबे कॉलोनी में भेज सकते हैं। अभियंता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर रोजाना समिति की बैठक सिविल लाइन स्थित जल संसाधन विभाग परिसर में शाम 6 बजे हो रही है।

रायपुर में गणेश विसर्जन की धूम

रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन का उत्सव धूमधाम से शुरू हो गया है। महादेव घाट समेत कई जगहों पर श्रद्धालु गणपति बप्पा को विदाई देने पहुंच रहे हैं। महादेव घाट पर बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। यहां 8 क्रेन की व्यवस्था की गई है, साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों की टीम और नाव तैनात की गई है। पूजा-पाठ के लिए पंडित मौजूद हैं। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए स्वास्थ्य शिविर, सफाई व्यवस्था और पेयजल की भी व्यवस्था की गई है। विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेने महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त विश्वदीप स्वयं महादेव घाट पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निगम प्रशासन के मुताबिक राजधानी में गणेश विसर्जन का सिलसिला 12 सितंबर तक चलेगा।

बीजेपी मनाएगी सेवा पखवाड़ा

बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से लेकर गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक “सेवा पखवाड़ा” मनाएगी। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में मंडल स्तर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर कार्यकर्ता से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक को उनके क्षेत्रों में कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

क्या-क्या होंगे कार्यक्रम

बीजेपी नेता और कार्यकर्ता संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान और नमो पार्क विकसित करने जैसे आयोजन करेंगे।

शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी दिखाई जाएगी।

राजधानी में आज

भरत नाट्यम और शास्त्रीय गायन

संस्कृति विभाग की ओर से आज भरतनाट्यम और शास्त्रीय गायन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच, सिविल लाइन में शाम 6 बजे से शुरू होगा।

महामृत्युंजय हवन

सत्य दर्शन योग आश्रम रायपुर द्वारा महामृत्युंजय हवन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से गांधी उद्यान के समीप आश्रम परिसर में होगा।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes