Thursday, February 5, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़मरवाही के जंगल में दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर दिखाई दिया। अवैध शराब...

मरवाही के जंगल में दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर दिखाई दिया। अवैध शराब की कार्रवाई पर निकले पुलिसकर्मियों की बाइक के इग्निशन में शरारती तत्वों ने लकड़ी ठूंस दी। 550 किसानों को एक बार फिर धान बेचने का अवसर मिला। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया

बिलासपुर। मरवाही वन मंडल के जंगल में दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर रैटल को जोड़े में देखा गया, जो ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम के लिए भी आकर्षण का केन्द्र बना रहा। विभाग के अनुसार हनी बैजर देश में बहुत ही सीमित क्षेत्रों में पाने से दुर्लभ प्रजातियों में गिना जाता है। यह अपनी असाधारण बहादुरी, आक्रामक स्वभाव और मजबूत त्वचा के लिए जाना जाता है। मधुमक्खियों के छत्तों के शहद निकालकर खाने की आदत के कारण इसे हनी बैजर कहते हैं। मरवाही वन मंडल के मरवाही रेंज अंतर्गत उसाड़ गांव में दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर का जोड़ा देखा गया। ग्रामीणों के मोबाइल से लिए गए फोटो व वीडियो के माध्यम से इस दुर्लभजीव की उपस्थिति की पुष्टि हुई।

दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर रैटल की उपस्थिति की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सुरक्षात्मक कार्रवाई करते हुए हनी बैजर के जोड़े को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर रवाना किया गया। मरवाही वन मंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे वन्यजीवों के पास न जाएं और न ही उन्हें परेशान करें। किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तत्काल विभाग को सूचित करें। हनी बैजर बड़े शिकारी जानवरों की तुलना में अपेक्षाकृत छोटा होने के बावजूद लड़ाई से पीछे नहीं हटता। यहां तक कि अपने से कई गुना बड़े वन्यप्राणियों शेर, लकड़बग्घे और जहरीले सांप भी हनी बैजर के दृढ़ रवैये और प्रभावशाली जीवन रक्षा कौशल के कारण दूर भाग जाते हैं।

अवैध शराब पकड़ने गए पुलिसकर्मियों की बाइक के इग्निशन में ठूंस दी लकड़ी

बिलासपुर। अवैध शराब पकड़ने गए पुलिसकर्मियों की चार बाइक के इग्निशन में ग्रामीणों ने लकड़ी ठूंस दी। अनहोनी की आशंका पर टीआई अतिरिक्त बल के साथ गांव गए और पुलिसकर्मियों व उनकी बाइक को गाड़ी में लादकर थाने लाया गया। पुलिस ने अवैध शराब के साथ पकड़ी गई महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले दिनों क्राइम मीटिंग में एसएसपी रजनेश सिंह अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर सीपत टीआई को जमकर फटकार लगाई थी। उसके बाद टीआई सक्रिय होकर अवैध शराब बनाकर बेचने वालों को पकड़ रहे हैं। 3 जनवरी को टीआई राजेश मिश्रा के निर्देश पर 7 पुलिसकर्मी एक शासकीय बुलेट व तीन बाइक में अवैध शराब पकड़ने ग्राम खांड़ा गए थे। वे गांव में बाइक खड़ेकर संदेहियों के घरों में दबिश दे रहे थे। इस दौरान खांड़ा निवासी अंजनी सिदार पति राजेश सिदार 25 साल को पकड़कर उसके पास से 110 लीटर महुआ शराब व शराब बनाने के उपकरण व बर्तन बरामद किया गया। पुलिसकर्मी महिला कोचिया को लेकर आए तो सभी बाइक के इग्निशन में चाबी लगाने के स्थान पर लकड़ी तूंसी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने टीआई को इसकी सूचना दी। टीआई पेट्रोलिंग गाड़ी, डायल 112 में अतरिक्त बल लेकर खांड़ा गांव पहुंचे। उसके बाद गाड़ियों को दूसरे वाहन में लादकर महिला कोचिया व पुलिसकर्मियों को लेकर थाने आए। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34, 2/ 34, 1 क च के तहत जुम दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

बिलासपुर। सरकार द्वारा धान खरीदी के लिए दो दिन और बढ़ाने का निर्णय लेने के बाद जिले के 550 किसानों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। इनमें से ज्यादातर किसान ऐसे थे, जिनका टोकन कटने के बाद भौतिक सत्यापन भी किया जा चुका था, लेकिन धान खरीदी का नंबर ही नहीं लग सका। जिले में बढ़ाई गई दो तिथियों में करीब 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी और होने का अनुमान है। सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच पाने का मलाल अब जिले के 550 किसानों को नहीं रहेगा। सरकार के द्वारा धान विक्रय के लिए दी जाने वाली दो अतिरिक्त तिथियों 6 एवं 7 फरवरी को वे अपना धान उपार्जन केंद्रों में बेच सकेंगे। धान खरीदी के लिए तय अंतिम तीन दिनों 27, 28 एवं 29 जनवरी के लिए जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों के 414 किसानों ने न केवल टोकन प्राप्त कर लिया था, बल्कि उनके भौतिक सत्यापन भी किए जा चुके थे, लेकिन इनके द्वारा धान नहीं बेचा जा सका। इसी तरह करीब 136 किसान ऐसे हैं, जिन्होंने व्धान बेचने के लिए टोकन कटवाने का रिक्वेस्ट डाला था। कुल मिलाकर धान बेचने से रह गए जिले के 550 किसानों से ही अब अगली दो तिथियों में धान खरीदा जाना है। इन किसानों से अनुमानित तौर पर 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी होने की बात कही जा रही है।

निर्धारित अवधि तक ही चली धान की खरीदी : धान खरीदी को लेकर दो दिन की बढ़ोतरी की बात भले ही कही जा रही है, लेकिन किसानों के अनुसार समयसीमा में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। किसानों द्वारा यह बात कही जा रही है कि धान खरीदी प्रारंभ करने के लिए तय की गई तिथि दिनांक 15 नवंबर को शनिवार था, जिससे उस दिन खरीदी नहीं की गई थी। इसी तरह धान खरीदी के लिए तय अंतिम तिथि 31 जनवरी को भी शनिवार का अवकाश था। प्रारंभ और अंत के जिन दो दिनों में अवकाश के कारण खरीदी नहीं हो सकी थी, वही दो दिन अब और किसानों को धान विक्रय के लिए दिए गए हैं, जिसमें तिथि में बढ़ोतरी जैसी कोई बात ही नहीं है।

नायब तहसीलदार बोले, हत्या के प्रयास का मामला अगली बार दर्ज कराऊंगा

बिलासपुर। खैरखंडी में नदी से अवैध रेत खनन कर रहे ट्रैक्टर चालक द्वारा नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने के मामले में नायब तहसीलदार का एक अजीबोगरीब बयान सामने आया है। रतनपुर थाने में उनके द्वारा की गई लिखित शिकायत में उन्होंने खुद पर ट्रैक्टर चढ़ाने वाली घटना का जिक्र तो किया है, लेकिन हत्या का प्रयास की धारा लगवाने के बजाय केवल प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई करने को कहा। अब नायब तहसीलदार यह बयान दे रहे हैं कि अगली बार अगर फिर किसी ने ऐसी कोशिश की तो जरूर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया जाएगा। रतनपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत खैरखंडी, गढ़वट व सरवनदेवरी नदी से लगे गांव हैं, जहां विगत लंबे समय से रेत का अवैध खनन किया जा रहा है। दो दिनों पूर्व रेत के अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने बेलतरा के नायब तहसीलदार राहुल साहू मौके पर पहुंचे, जहां ट्रैक्टर चालक के द्वारा नायब तहसीलदार के ऊपर कथित रूप से अपना ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया और मौके से भाग खड़ा हुआ। इस संबंध में पीड़ित नायब तहसीलदार ने रतनपुर थाने में की गई शिकायत में ट्रैक्टर चढ़ाने वाली घटना का जिक्र किया है, लेकिन केवल धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कारवाई करने की बात भी कही है। नायब तहसीलदार के द्वारा कही गई दोनों ही बातें अपने आपमें विरोधाभाषी हैं। अगर उनके ऊपर चालक ने ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया था तो हत्या के प्रयास का मामला दर्ज क्यों नहीं कराया गया? इसी तरह यदि केवल 151 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई ही करानी थी तो शिकायत में अपने ऊपर ट्रेक्टर चढ़ाने जैसी गंभीर घटना का उल्लेख क्यों किया गया? हैरत की बात यह भी है कि वे अब भविष्य में कभी इस तरह की घटना होने पर हत्या के प्रयास का मामला जरूर दर्ज कराने वाला बयान दे रहे हैं।

स्कूटी को लगी टक्कर, दो युवकों पर चाकू से हमला

बिलासपुर। आटो से स्कूटी को टक्कर लगने के बाद युवकों के बीच विवाद हो गया। इसका बदला लेने के लिए युवकों ने फाइनेंस कंपनी के आफिस में घुसकर दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में लहूलुहान युवकों की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि तालापारा में रहने वाले आशीष कुरें और सुभाष बजाज फाइनेंस कंपनी में करते हैं। बुधवार की शाम दोनों एक ऑटो को सीज कर यार्ड ले जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी से रेहान की स्कूटी टकरा गई। टक्कर के रात्रे बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। हालांकि उस समय किसी तरह मामला शांत हो गया और दोनों अपने-अपने रास्ते चले गए। विवाद के कुछ समय बाद रेहान अपने साथियों को लेकर बजाज फाइनेंस के कार्यालय पहुंच गया। आरोप है कि कार्यालय में पहुंचते ही रेहान और उसके साथियों ने आशीष कुरें और सुभाष रात्रे के साथ गालीगलौच शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान चाकू से भी हमला किया गया।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes