बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में युवती से चेन लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने लुटेरों को पकड़ा। दोनों बदमाशों ने लूटी हुई चेन एक निजी बैंक में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का गोल्ड लोन ले लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
बता दें कि, लिंक रोड पर वैष्णवी विहार निवासी युवती अपने भाई के साथ 23 मार्च की रात रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थीं। इस दौरान रामा पोर्ट के पास उनकी स्कूटी पंक्चर हो गई। दोनों भाई-बहन धीरे-धीरे स्कूटी चलाकर घर की ओर बढ़ रहे थे, तभी दो लुटेरों ने उनका पीछा किया और मदद के बहाने चेन छीनने के बाद आरोपी शेख सलमान डिवाइडर कूदकर और साथी आकाश नायक बाइक चालू कर भाग निकला।
युवती की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आरोपी इलेक्ट्रिक ऑटो में घूमते दिखा। इसके बाद साइबर सेल की तकनीकी मदद से पता चला कि आरोपी देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र में छिपे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर शेख सलमान और आकाश नायक को पकड़ा।

