Thursday, February 12, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़मिड-डे मील खाने के बाद 24 बच्चों की तबीयत बिगड़ी: उल्टी, पेट...

मिड-डे मील खाने के बाद 24 बच्चों की तबीयत बिगड़ी: उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत, स्कूल में मचा हड़कंप

जगदलपुर। बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत अरंडवाल प्राथमिक शाला में गुरुवार को मध्याह्न भोजन के बाद 24 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और कमजोरी की शिकायत हुई। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी, जिसके बाद मेडिकल टीम मौके पर पहुंची।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चों ने दोपहर में मिड-डे-मील के तहत पत्ता गोभी की सब्जी और अन्य भोजन ग्रहण किया था। भोजन के बाद नियमित स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एल्बेंडाजोल (पेट के कीड़ों की दवा) और फाइलेरिया निरोधक दवा भी वितरित की गई थी। इसी के कुछ समय बाद बच्चों उल्टी, कमजोरी और घबराहट होने लगी। प्रभावित बच्चों में 10 बालक और 14 बालिकाएं शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूल पहुंचकर सभी बच्चों की जांच की और प्राथमिक उपचार दिया। एहतियात के तौर पर एक छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी के लिए भर्ती कराया गया है। बाकी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उन्हें घर भेज दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला टीकाकरण अधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने भोजन की गुणवत्ता और दवा वितरण प्रक्रिया की जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घबराहट और दवा के सेवन के बाद सामान्य प्रतिक्रिया की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes