पत्थलगांव – सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं विधायक पत्थलगांव गोमती साय के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र पत्थलगांव को मुख्य बजट 2026–27 में विभिन्न विभागों के माध्यम से अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। इन कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत संरचना मजबूत होगी तथा शिक्षा,सड़क,जल संसाधन और प्रशासनिक सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा।
गृह विभाग के अंतर्गत पुलिस चौकी कोतबा तथा नवीन पुलिस थाना तमता की स्वीकृति से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आम नागरिकों को बेहतर कानून व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अंतर्गत आदर्श शहर समग्र योजना – नगर पालिका पत्थलगांव के माध्यम से शहर के समग्र विकास को गति मिलेगी, जिससे नगरीय सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक शाला भवन निर्माण की स्वीकृति फतेहपुर, तकलुडीहा, महेशपुर, पटेलपारा (कुड़कला खजरी), बंजरीया, सिराजोरी तथा बालक कन्याशाला सहित विभिन्न स्थानों पर दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।
लोक निर्माण विभाग (सड़क) के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण स्वीकृत हुआ है, जिनमें कुनकुरी–लवाकेरा मार्ग, बागबहार–कोतबा मार्ग, लुड़ेग–तपकरा–लवाकेरा मार्ग सहित अन्य पहुंच मार्ग शामिल हैं। साथ ही नवीन विश्राम गृह पहुंच मार्ग तथा ऑडिटोरियम पहुंच मार्ग निर्माण से आवागमन सुविधा में सुधार होगा।
जल संसाधन विभाग के अंतर्गत शेखपुर जलाशय, खुडियानी जलाशय, लावा नदी रिटेनिंग कार्य, साहीडांड़ एवं चिडिया एनीकट, जशपुर विकासखंड के सतही सिंचाई कार्य, तथा विभिन्न एनीकट योजनाओं के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इन योजनाओं से सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, किसानों को लाभ मिलेगा तथा जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग (भवन निर्माण) के अंतर्गत जिला न्यायालय भवन, रेस्ट हाउस, ऑडिटोरियम/सभागार, ग्राम पंचायत भवन, छात्रावास, हेलिपैड, नवीन तहसील कार्यालय भवन तथा अन्य शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति मिली है।
इससे प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इन सभी विकास कार्यों की स्वीकृति से स्पष्ट है कि पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है। विधायक गोमती साय जी के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है, जिससे आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है और क्षेत्र समृद्धि की ओर आगे बढ़ रहा है क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले कई दशकों में जो सौगात पत्थलगांव को नही मिली वो अब पूरी हो रही है क्षेत्र की जनता विधायक पत्थलगांव गोमती साय की कार्यशैली की जमकर सराहना करते नजर आ रहे है।

