
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), जशपुर द्वारा लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (LLF) के सहयोग से सादरी भाषा में शिक्षण सामग्री निर्माण हेतु चार दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला में जशपुर जिले के 20 जिला संसाधन समूह (DRG) सदस्य शामिल हुए। साथ ही LLF के बहुभाषी शिक्षा के वरिष्ठ विशेषज्ञ एवं जिला और ब्लॉक स्तरीय टीम की उपस्थिति रही।
इससे पहले प्रथम चरण में सप्ताह 1 से 13 तक की शिक्षण सामग्री तैयार की जा चुकी है और बच्चों तक पहुँच चुकी है। अब दूसरे चरण में सप्ताह 14 से 24 तक की शिक्षण सामग्री तैयार की जाएगी।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में DIET की उपप्राचार्य श्रीमती संगीता भोई ने बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के पहले दिन कक्षा 1 एवं कक्षा 2 के लिए अलग-अलग अभ्यास पुस्तिकाओं के निर्माण पर काम किया गया। इन पुस्तिकाओं को तैयार करते समय स्थानीय परिवेश और बच्चों के अनुभवों को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है। बच्चों के दैनिक जीवन से जुड़ी परिचित वस्तुओं, गतिविधियों और उदाहरणों को शामिल किया जा रहा है, ताकि वे अपनी मातृभाषा और स्थानीय संदर्भों से जुड़कर सहजता से सीख सकें। यह कार्यशाला चार दिनों तक चलेगी।

