Tuesday, November 3, 2026
No menu items!
HomeBlogअंतरिक्ष संगवारी: विद्यार्थियों ने मिनी प्रोजेक्ट के जरिए दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, विशेषज्ञों...

अंतरिक्ष संगवारी: विद्यार्थियों ने मिनी प्रोजेक्ट के जरिए दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, विशेषज्ञों ने लिया साक्षात्कार।

जशपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की प्रेरणा से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से संचालित ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, जशपुर में चयनित 200 विद्यार्थियों के लिए मिनी प्रोजेक्ट एवं साक्षात्कार का आयोजन किया गया।

कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने मिनी प्रोजेक्ट तैयार कर प्रस्तुत किए। इनमें अंतरिक्ष यात्रियों की वेशभूषा एवं जीवनशैली, अंतरिक्ष में सुरक्षा एवं मलबे का प्रबंधन, सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण का मानव शरीर पर प्रभाव, अंतरिक्ष चिकित्सा, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की जीवन सहायता प्रणाली, अंतरिक्ष यात्रियों की दिनचर्या एवं प्रशिक्षण, अंतरिक्ष में वैज्ञानिक प्रयोग तथा चंद्रमा और मंगल ग्रह पर आवास एवं जीवन की संभावनाओं जैसे रोचक विषय शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं, नवाचार और अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति अपनी समझ एवं जिज्ञासा का प्रदर्शन किया।

इस दौरान स्पेस इंजीनियर रत्नेश मिश्रा, बैंगलोर से आयीं प्रोफेसर मनीषा कुशवाहा, प्रोफेसर रीता साहू सहित विशेषज्ञों की टीम ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार पैनल में जिले के एक शिक्षक को भी सहयोग के लिए शामिल किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक अभिरुचि, विषय की समझ, तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच एवं प्रोजेक्ट की उपयोगिता का आकलन किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र सिन्हा ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मिनी प्रोजेक्ट का अवलोकन किया तथा उनके नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना करते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के आठों विकासखंडों में आयोजित जिला प्रतिभा खोज परीक्षा में कुल 10,396 विद्यार्थियों में से 200 विद्यार्थियों का चयन किया गया था। कार्यक्रम के आगामी चरणों में चयनित विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान प्रशिक्षण शिविर एवं शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान की दुनिया से परिचित कराने की योजना है।

कार्यक्रम आयोजन में यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय और विवेक वैद्य की भूमिका रही । कार्यक्रम में एबीईओ टुमनू गोसाईं, शिव सिंह भदोरिया सहित चयनित विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes