

जशपुर।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की प्रेरणा से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से संचालित ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम के अंतर्गत 14 अक्टूबर 2026 को जशपुर जिले में जिला प्रतिभा खोज परीक्षा आयोजित की गई।
कलेक्टर रोहित व्यास एवं सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित अन्वेषण कार्यक्रम के अंतर्गत अंतरिक्ष संगवारी जिला प्रतिभा खोज परीक्षा में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिले के आठों विकासखंडों के 192 परीक्षा केंद्रों में आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 10,396 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 9,533 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार जिले में विद्यार्थियों की कुल उपस्थिति 91.7 प्रतिशत रही। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की वैज्ञानिक अभिरुचि, तार्किक क्षमता और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति समझ का आकलन करना रहा।
आठों विकासखंडों में परीक्षा की स्थिति
विकासखंडवार उपस्थिति प्रतिशत में जशपुर विकासखंड में 22 केंद्रों में 94.7 प्रतिशत, कुनकुरी के 24 केंद्रों में 91.9 प्रतिशत, मनोरा में 13 केंद्रों में 90.7 प्रतिशत, दुलदुला के 13 केंद्रों में 93.4 प्रतिशत, फरसाबहार के 25 केंद्रों में 93.7 प्रतिशत, पत्थलगांव के 30 केंद्रों में 87.6 प्रतिशत, कांसाबेल के 19 केंद्रों में 94.9 प्रतिशत और बगीचा के 40 केंद्रों में में 90.9 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। कांसाबेल में सर्वाधिक 94.9 प्रतिशत उपस्थिति रही।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
जिला प्रतिभा खोज परीक्षा इस कार्यक्रम का प्रथम चरण है। परीक्षा में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर 200 विद्यार्थियों का चयन मिनी प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 100 चयनित विद्यार्थियों के लिए रायपुर स्थित अंतरिक्ष केंद्र में छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा 50 चयनित विद्यार्थियों को बेंगलुरु स्थित इसरो केंद्र के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर देने की योजना है। प्रस्तावित गतिविधियों में अंतरिक्ष यात्री के साथ संवाद सत्र भी शामिल है।
जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा ने परीक्षा केंद्र स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जशपुर का निरीक्षण किया। इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स फाउंडेशन के सहयोग से परीक्षा आयोजित हुई। स्पेस इंजीनियर रत्नेश मिश्रा, सहयोगी विवेक वैद्य और यशस्वी जशपुर कार्यक्रम समन्वयक अवनीश पांडेय ने परीक्षा केंद्रों एकलव्य घोलेंग, हायर सेकेंडरी गम्हरिया, सेजेस हिंदी माध्यम जशपुर सहित कुछ विद्यालयों का भ्रमण किया।

