Monday, October 12, 2026
No menu items!
HomeBlogराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शिक्षक महेश तिर्की ने जीता स्वर्ण और कांस्य...

राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शिक्षक महेश तिर्की ने जीता स्वर्ण और कांस्य पदक, छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान

कुनकुरी। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित 5वीं राष्ट्रीय स्पोर्ट्स एवं गेम्स प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 1,872 खिलाड़ियों के साथ पड़ोसी देश श्रीलंका के चयनित 125 खिलाड़ियों ने भी एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं में हिस्सा लिया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य से चयनित 71 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण, 16 रजत और 16 कांस्य पदक हासिल किए। इसी क्रम में जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला डीपाटोली के शिक्षक महेश तिर्की ने भी अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

शिक्षक महेश तिर्की ने 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त किया, वहीं 4×400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ सहित जशपुर जिले, कुनकुरी विकासखंड और शिक्षा विभाग का नाम रोशन किया। इससे पूर्व भी वे विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

खेल के साथ युवाओं को भी कर रहे प्रेरित

महेश तिर्की केवल एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि युवाओं के मार्गदर्शक भी हैं। शिक्षकीय दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ वे कुनकुरी के सलियाटोली खेल मैदान में नियमित रूप से स्थानीय युवाओं को खेल का अभ्यास कराते हैं। वे युवाओं को पुलिस एवं सेना में भर्ती की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन देते हैं।

उनका यह प्रयास बच्चों और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय है। महेश तिर्की ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उनका मानना है कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच से युवा अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

विद्यालय और नगरवासियों का मिल रहा सहयोग

महेश तिर्की ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के संस्था प्रमुख लवकुमार गुप्ता तथा नगरवासियों के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद को दिया। उनकी सफलता से विद्यालय एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि न केवल शिक्षा जगत के लिए गौरव का विषय है, बल्कि क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

महेश तिर्की की यह सफलता संदेश देती है कि जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए भी खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes