जशपुरनगर। पत्थलगांव के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी रमेश शर्मा के निधन पर भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर के जिलाध्यक्ष भरत सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पत्थलगांव विधायक गोमती साय एवं जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। भाजपा नेताओं ने स्व. रमेश शर्मा के निधन को जशपुर जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि स्वर्गीय रमेश शर्मा केवल एक पत्रकार नहीं, बल्कि समाज की आवाज को अपनी लेखनी के माध्यम से बुलंद करने वाले सजग प्रहरी थे। उन्होंने पत्थलगांव और पूरे जशपुर जिले के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को सदैव प्रमुखता से उठाया। उनकी पत्रकारिता में निर्भीकता, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों के प्रति गहरी संवेदनशीलता दिखाई देती थी।
उन्होंने कहा कि स्व. रमेश शर्मा ने पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम बनाते हुए आमजन की समस्याओं और क्षेत्र के महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से सामने रखा। समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को अपनी लेखनी के माध्यम से मंच देना उनकी पत्रकारिता की विशेष पहचान रही। उनके निधन से जशपुर ने एक संवेदनशील पत्रकार, समाजहितैषी व्यक्तित्व और जनसरोकारों के सजग प्रहरी को खो दिया है।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि रमेश शर्मा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए गहरा आघात है। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज और क्षेत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। उनका सरल, सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व सदैव स्मरण किया जाएगा।
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि रमेश शर्मा ने पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि समाज सेवा के माध्यम के रूप में अपनाया। क्षेत्र की समस्याओं और आमजन की आवाज को प्रमुखता से उठाना उनकी पहचान थी। उनके निधन से पत्थलगांव ने एक संवेदनशील पत्रकार और समाजहितैषी व्यक्तित्व खो दिया है।
जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि स्व. रमेश शर्मा का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने अपनी लेखनी से सदैव जनहित के मुद्दों को आवाज दी और समाज के कमजोर एवं अंतिम पंक्ति के लोगों की बात को सामने लाने का कार्य किया। पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि स्व. रमेश शर्मा की लेखनी भले ही अब शांत हो गई है, लेकिन जनसरोकारों के लिए उन्होंने जो आवाज बुलंद की, वह लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी। उनके निधन से जशपुर जिले के पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई कठिन है।
भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकसंतप्त परिजनों, पत्रकार साथियों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

