कोतबा


कोतबा। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, कोतबा में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव एवं सरस्वती साइकिल वितरण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शालेय परिवार के नवमनोनीत अध्यक्ष एवं अभिभावक सदस्य पीतांबर पैंकरा ने विद्यालय में प्रवेश लेने वाले सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि बच्चे ही देश और समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विजय कुमार शर्मा, कोतबा ने कहा कि पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव एवं सरस्वती साइकिल वितरण समारोह शिक्षा के प्रति शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से बेटियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है, जो नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम है।
उन्होंने कहा कि गुरुजन जिस समर्पण, निष्ठा और सेवा भाव से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं, वही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों के सपनों को साकार करने में सहभागी बनें तथा यह संकल्प लें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोतबा शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता का आदर्श केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान आदि गुरु वेदव्यास जी के प्राकट्य दिवस एवं गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकों, गुरुजनों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गईं। समारोह में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को नगर पंचायत की उपाध्यक्ष सुमन शर्मा, प्राचार्य जेके सीदार, कार्यक्रम के प्रभारी क्षमानिधि पटेल, ने संबोधित किया एवं मंच का सफल संचालन पैंकरा सर ने की तथा आज की कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती सावित्री सिदार , श्रीमती कुसुम पार्षद ,श्रीमती हुलसी जांगड़े पार्षद, जयशंकर झांप पार्षद,आकाश मित्तल पार्षद ,पंकज शर्मा पार्षद, श्रीमती हुलासों पैंकरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष कुंती पैंकरा, स्कूल के शिक्षक दुर्योधन यादव, मनीष कृष्ण, साय सर सहित समस्त स्टॉफ, सुनील शर्मा, हेमंती वैष्णव, अभिभावक गण, भारी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

