



रायपुर/जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शासकीय मेडिकल कॉलेज जशपुर-कुनकुरी के संचालन के लिए 50 एमबीबीएस सीटों की औपचारिक अनुमति (लेटर ऑफ परमिशन) जारी कर दी है। इसके साथ ही वर्षों से प्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का सपना साकार हो गया है।
मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वहीं आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता तथा आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विकासोन्मुखी सोच, सतत प्रयासों और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध नेतृत्व का परिणाम माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय जशपुर के विकास इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।
भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना लंबे समय से जिले की सबसे बड़ी जनआकांक्षाओं में शामिल थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं उन्हें दूरभाष पर इस ऐतिहासिक स्वीकृति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की आवाज़ में जशपुर के प्रति आत्मीयता और इस उपलब्धि की खुशी स्पष्ट झलक रही थी। कृष्ण कुमार राय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले के विकास के प्रति जिस प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है, उसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला बनेगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया।
पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति जशपुर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को अपने ही जिले में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर जिले को नई पहचान दिलाई है।
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी से स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन आएगा तथा गरीब, ग्रामीण और आदिवासी परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना जशपुर के विकास का स्वर्णिम अध्याय है। इससे जिले के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व को दूरदर्शी बताते हुए इस उपलब्धि के लिए उनका अभिनंदन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर विकास का नया मॉडल बनकर उभर रहा है। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी से चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यह प्रत्येक जशपुरवासी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं जिले में उपलब्ध होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और मेडिकल कॉलेज की यह सौगात आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर सिद्ध होगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। जशपुर मेडिकल कॉलेज को मिली यह स्वीकृति केवल एक संस्थान की स्थापना नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा के नए युग की शुरुआत हैं।

