Sunday, July 12, 2026
No menu items!
HomeBlogशिक्षकों ने भरी हुंकार…'सबको पेंशन, समान पेंशन'

शिक्षकों ने भरी हुंकार…’सबको पेंशन, समान पेंशन’

जशपुरनगर:-
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन (CGTA) जिला जशपुर की जिला स्तरीय बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य मुद्दा प्रथम नियुक्ति तिथि से सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने तथा इस संबंध में चल रही कानूनी एवं संगठनात्मक लड़ाई को निर्णायक रूप देने का रहा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 10 वर्ष की सेवा पूर्ण नहीं कर पाने वाले शिक्षकों को शून्य पेंशन मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं अन्यायपूर्ण है। इस व्यवस्था पर सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे शिक्षकों के साथ भेदभावपूर्ण नीति बताया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि “पुरानी पेंशन सबको पेंशन” के संकल्प के साथ जिले के शिक्षक सर्वोच्च न्यायालय में चल रही लड़ाई में संगठन का पूर्ण सहयोग करेंगे तथा आवश्यक सहयोग राशि भी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही संगठन द्वारा जमीनी स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाकर प्रत्येक विकासखंड, संकुल एवं विद्यालय स्तर तक शिक्षकों को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि “पेंशन ही पेंशन मिलेगी तो टेंशन नहीं रहेगा।” उन्होंने सभी शिक्षकों से संगठन को मजबूत बनाने, प्रत्येक ब्लॉक में सक्रिय टीम तैयार करने तथा आगामी आंदोलन के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक में शिक्षकों से की जा रही पेंशन संबंधी भेदभावपूर्ण नीति पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री से प्रथम नियुक्ति तिथि से सभी शिक्षकों को समान रूप से पुरानी पेंशन योजना का लाभ प्रदान करने की मांग की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 10 वर्ष की अर्हकारी सेवा पूर्ण नहीं होने के कारण शून्य पेंशन पर सेवानिवृत्त होने वाले जिलेभर के शिक्षकों के सम्मान में जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों को आमंत्रित कर शून्य पेंशन की समस्या को समाज और शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा तथा प्रथम नियुक्ति तिथि से सभी शिक्षकों को समान रूप से पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग को और मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पुरानी पेंशन, टेट एवं शिक्षकों की अन्य लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर सर्वोच्च न्यायालय तक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, अनिल रावत, आदित्य नारायण गुप्ता, अफरोज खान, महानंद सिंह, यमुना प्रसाद दानी, प्रेम यादव, विक्रम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष धनुराम यादव, मुनेश्वर यादव, विवेक प्रसाद चौधरी, छबिराम यादव, राजेश श्रीवास, तरुण गुप्ता, श्रवण दास महंत, प्रभा साय, ममता मिश्रा, प्रकाश खलखो, प्रमोद लकड़ा, जुबराज यादव, किरण केरकेट्टा, मुक्ता मिंज, दैतारी राम यादव, विजय पैंकरा, दिनेश त्रिपाठी, शिवचरण राम समेत बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes