Thursday, April 30, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़नशीली सिरप तस्करी गिरोह का पर्दाफाश: फर्जी ड्रग लाइसेंस से चला रहे...

नशीली सिरप तस्करी गिरोह का पर्दाफाश: फर्जी ड्रग लाइसेंस से चला रहे थे नेटवर्क, 7 कार्टन सिरप के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने नशीली सिरप तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दवा कंपनी प्रतिनिधि की आड़ में फर्जी दस्तावेजों के जरिए कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप की अवैध बिक्री करने वाले संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है, जिसमें 800 नग प्रतिबंधित नशीली सिरप, एक सेंट्रो कार, एक एक्टिवा, 4 मोबाइल फोन तथा बिक्री की रकम शामिल है।

पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम जुनवानी खम्हरिया रोड, भिलाई के पास 3 व्यक्ति प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप की अवैध बिक्री के लिए परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर सेंट्रो कार (CG-07/8595) को रोका और जांच की। वाहन की तलाशी के दौरान 7 कार्टून में प्रतिबंधित CADIFOS-T सिरप बरामद की गई।

फर्जी ड्रग लाइसेंस बनाकर चल रहा था नेटवर्क

पूछताछ में आरोपी योगेश शर्मा और उमेश कुमार यादव ने स्वीकार किया कि वे फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर गुजरात स्थित कंपनी से ई-कुरियर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नशीली सिरप मंगवाते थे और उसे अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी योगेश शर्मा ने एक वास्तविक ड्रग लाइसेंस में एडिटिंग कर फर्जी लाइसेंस तैयार किया था। इसके साथ ही फर्जी लेटरपैड और सील बनवाकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा था। बाद में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी महावीर जैन उर्फ रोहित और सतीश मेश्राम को भी गिरफ्तार किया गया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि यह गिरोह अवैध धन लाभ के उद्देश्य से प्रतिबंधित सिरप की सप्लाई करता था और युवाओं को नशे की ओर धकेल रहा था। सभी आरोपियों के विरुद्ध NDPS Act की धारा 22, 8(ख), 27(क) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

योगेश शर्मा (41 वर्ष) कादम्बरी नगर, दुर्ग

उमेश कुमार यादव (42 वर्ष) पदुमनगर, चरोदा, पुरानी भिलाई

महावीर जैन उर्फ रोहित (38 वर्ष) पोलसाय पारा, दुर्ग

सतीश मेश्राम (40 वर्ष) शंकर नगर, दुर्ग

जब्त सामग्रियों की सूची

आरोपियों के पास से पुलिस ने लगभग 5 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। इसमें –

  1. प्रतिबंधित कोडीन युक्त CADIFOS-T सिरप – 800 नग कीमत 2,08,800/- रुपये।
  2. एक एक्टिवा – कीमत 30 हजार रुपये ।
  3. एक सेंट्रो कार – कीमत 1 लाख रुपये।
  4. 4 मोबाइल फोन – कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये।
  5. प्रतिबंधित सिरप बिक्री की रकम – 1,200 रुपये।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थों, नशीली दवाओं अथवा अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes