


सन्ना मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संगठन के विभिन्न आयामों—बूथ प्रबंधन, कार्य विस्तार, विचारधारा, इतिहास एवं विकास तथा सोशल मीडिया के उपयोग—पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला में वक्ताओं के रूप में प्रदेश भाजपा के पूर्व महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने बूथ प्रबंधन, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने सरकार की उपलब्धियों, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने भाजपा के इतिहास एवं विकास, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर गुप्ता ने कार्यपद्धति, नसरुल्ला सिद्दीकी ने सोशल मीडिया, काजल राय ने व्यवहारिक ज्ञान, हरिशंकर यादव ने कार्यविस्तार में हमारी दृष्टि एवं सुशील राम ने वैचारिक प्रतिष्ठा विषय पर संबोधित किया।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने बूथ प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में जीत की नींव बूथ स्तर पर मजबूत संगठन से ही रखी जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाताओं से सतत संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने भाजपा के इतिहास एवं विकास विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी ने अपने सिद्धांतों और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर निरंतर प्रगति की है। उन्होंने संगठन की विचारधारा को आत्मसात कर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर गुप्ता ने कार्यपद्धति विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि संगठनात्मक कार्यों को अनुशासन, समन्वय एवं योजनाबद्ध तरीके से करने से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में डीडीसी गेंदबिहारी सिंह, मंडल अध्यक्ष आनंद यादव, मंगल भगत, अलका नाग, रामस्वरूप यादव, अमृत बुनकर, ब्रजभूषण पाठक एवं युवनाथ यादव ने अध्यक्षता की।
उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि दो दिवसीय कार्यशाला में शंकर बाबू, बलवंत गुप्ता, देवलाल भगत, जितेन्द्र ताम्रकर, चैतू राम, रामवृक्ष भगत, तारा भगत, सबिता गुप्ता, बीडीसी रूपावती कोरवा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

