Friday, March 13, 2026
No menu items!
Homeछत्तीसगढ़अटल जी के विचारों पर चलकर ही भारत में सुशासन की नींव...

अटल जी के विचारों पर चलकर ही भारत में सुशासन की नींव पड़ी, भाजपा का परचम आज उन्हीं के कारण लहरा रहा है : रंजन सिन्हा

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जशपुर में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्य स्मृति में विधानसभा स्तरीय अटल सुशासन सम्मेलन का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य अटल जी के विचारों, सुशासन की अवधारणा तथा राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुँचाना रहा।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि रंजन सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल भारत के प्रधानमंत्री ही नहीं थे, बल्कि वे भारतीय लोकतंत्र की आत्मा थे। उन्होंने राजनीति को सेवा, मर्यादा और राष्ट्रहित से जोड़ा।
रंजन सिन्हा ने कहा कि आज यदि भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है और उसका परचम पूरे देश में लहरा रहा है, तो इसके पीछे अटल बिहारी वाजपेयी जी का दूरदर्शी नेतृत्व, संगठन के प्रति समर्पण और वैचारिक स्पष्टता का बहुत बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने सुशासन को भाषणों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे योजनाओं और नीतियों के माध्यम से जमीन पर उतारकर दिखाया। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, ग्राम सड़क योजना, टेली संचार क्रांति, शिक्षा एवं आधारभूत ढांचे के विस्तार जैसे कार्यों ने देश को नई दिशा दी।
उन्होंने यह भी कहा कि अटल जी की राजनीति संवाद, सहमति और समावेश की राजनीति थी, जिसमें विरोधियों के प्रति भी सम्मान की भावना रहती थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उसी सुशासन की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।

जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने शासन को जनसेवा का माध्यम बनाया। उनके निर्णयों का लाभ आज भी देश को मिल रहा है। भाजपा सरकार अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलकर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में विकास को नई गति दे रही है।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की राजनीति राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित थी। पोखरण परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक निर्णयों ने भारत को विश्व मंच पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी के विचारों को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत की ।
नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने अंत में सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला मीडिया भाजपा प्रभारी
फैज़ान सरवर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में प्रमुख रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे, जनपद अध्यक्ष गंगा भगत, बगीचा नगरपंचायत अध्यक्ष प्रभात सिडाम, संतोष सिंह, गेंदबिहारी सिंह, शंकर गुप्ता, देवधन नायक, श्यामलाल भगत, श्रीमती रजनी प्रधान, श्रीमती शांति भगत,हदीस अंसारी, मुकेश सोनी, मंगलनाथ सिंह, गोविंद भगत, नेहरू सिंह, प्रभाकर यादव, देवलाल भगत, श्रीमती शारदा प्रधान, नसरुल्ला सिद्दीकी, राजकिशोर जायसवाल, राजू गुप्ता, बलवंत गुप्ता, सतीष गोस्वामी, श्रीमती रीना बारला, नागेंद्र भगत, कृपा भगत, मानू सोनी, दीपू मिश्रा, राजा सोनी, केशव यादव , आशु राय, सावित्री निकुंज, दिनेश बड़ाईक, अशोक यदाव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सम्मेलन में सभी उपस्थित जनों ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

Ravindra Singh Bhatia
Ravindra Singh Bhatiahttps://ppnews.in
Chief Editor PPNEWS.IN. More Details 9755884666
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes