रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर पहुंचे हैं. अपने एक दिवसीय रायपुर दौरे के बीच वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुए. लेकिन रायपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ के कलाकारों के प्रति जुड़ाव देखने को मिला. उन्होंने विमान से उतरने के बाद सबसे पहले प्रसिद्ध विभूतियों- पद्म भूषण सम्मानित तीजन बाई के परिवार और विनोद कुमार शुक्ल से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली.

बता दें, लंबे समय से पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई और पद्म भूषण सम्मानित प्रसिद्ध लेखक विनोद कुमार शुक्ल की तबीयत खराब चल रही है और अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है. ऐसे में पीएम मोदी ने रायपुर पहुंचते ही तीजनबाई की बहु वेणु देशमुख से उनका हाल-चाल जाना और विनोद कुमार शुक्ल से भी फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.
पीएम का 6 घंटे का व्यस्त कार्यक्रम
विशेष विमान से रायपुर पहुंचे पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और अन्य नेताओं ने स्वागत किया. लगभग 6 घंटे के अपने प्रवास के दौरान, प्रधानमंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल हुए.
‘दिल की बात’ कार्यक्रम: पीएम मोदी एयरपोर्ट से सीधे श्री सत्य साईं संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए. यहां उन्होंने ‘दिल की बात’ कार्यक्रम में हृदय रोग का सफल ऑपरेशन करा चुके करीब 2,500 बच्चों से संवाद किया.
शांति शिखर भवन का लोकार्पण और उद्घाटन: इसके बाद, प्रधानमंत्री ने ब्रम्हकुमारी के शांति शिखर भवन का लोकार्पण किया.
नए विधान सभा भवन का उद्घाटन: पीएम मोदी ने नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन का भी उद्घाटन किया.
विकास परियोजनाओं की सौगात: इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ने राज्य को 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी.
PM मोदी का 12 अलग-अलग झाकियों से हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रायपुर के एक दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान एयरपोर्ट से लेकर ब्रम्हकुमारी के शांति शिखर भवन तक पीएम मोदी ने रोड शो किया. सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े, जहां लोगों ने हाथ हिलाकर और बैनर-पोस्टर लहराकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद उन्होंने श्री सत्य साईं संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल में आयोजित “दिल की बात” कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने हृदय रोग का सफल ऑपरेशन करा चुके करीब 2500 बच्चों के साथ संवाद किया. इसके बाद पीएम मोदी ने ब्रम्हकुमारी के शांति शिखर भवन का लोकार्पण किया. इसके बाद उन्होंने नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया
छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन
छत्तीसगढ़ राज्य के लिए आज का दिन ऐतिहासिक महत्व रखता है. साल 2000 में इसी दिन यह राज्य मध्यप्रदेश से अलग होकर अस्तित्व में आया था. इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस का उत्साह कई गुना बढ़ गया है, क्योंकि छत्तीसगढ़ अपने गौरवशाली 25 वर्ष पूरे कर चुका है. इस खास अवसर पर राज्योत्सव मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड से लेकर स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे. पांच दिनों तक यह उत्सव पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया जाएगा.

