जशपुर

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 

जसपुर

एसपी  प्रशांत सिंह ठाकुर ने सभी थाना प्रभारियों को बदमाशों की धरपकड़ गंभीरता से करने के लिए कहा है।

साथ ही चुनाव के समय हंगामा करने वाले की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज करने के लिए कहा है।

शराब की अवैध बिक्री रोकने व वाहन चेकिंग में गंभीरता दिखाने का आदेश दिया है।

पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को जिला जशपुर के समस्त एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों के साथ लंबी बैठक की। चुनाव आयोग के दिशा निर्देश पर अभी तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की। नए निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनता में विश्वास बहाली के लिए सख्त कदम उठाएं। जिले के सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा घेरा मजबूत करने का निर्णय लिया गया। इसके पश्चात हाल के दिनों में की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, वारंट तामिली, आबकारी एक्ट की कार्रवाई आदि की समीक्षा की गई। अभी तक की कार्रवाई में तेजी लाने का आदेश दिया। इसके लिए थाना स्तर पर अलग-अलग टीम बनाने के लिए कहा है। चुनाव में अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर जोर दिया है। कोर्ट में अधिक से अधिक चालान भेजने कहा गया।

वारंटियों की गिरफ्तारी
कोर्ट से थाने पहुंचे स्थाई वारंटियों को पकडऩे का निर्णय लिया गया। इसके लिए अभियान चलाने की बात कही गई। वारंट की तामिल पर जोर दिया गया। भगोड़े वारंटियों की तलाश चालू करने का आदेश दिया।

विस चुनाव पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक बुलाई गई थी। आयोग के निर्देश का अक्षरश: पालन किया जाना है। चुनाव से पहले पुलिस को कुछ जरूरी कार्रवाई करनी होती है। इसके लिए कहा गया है। अभी तक की गई कार्रवाई की समीक्षा हुई है। पुलिस को आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई है।
 प्रशांत सिंह ठाकुर, एसपी, जशपुर